सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण ग्रामीण – 2025 की तैयारी के तहत मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत भोपाल इला तिवारी ने जिला पंचायत सभागार में ए.डी.ई.ओ., पी.सी.ओ. एवं ब्लॉक समन्वयकों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने गांवों में दृश्य स्वच्छता, सिटीजन फीडबैक, दीवार लेखन के माध्यम से जन-जागरूकता बढ़ाने और कचरा गाड़ियों के सतत संचालन पर जोर दिया।

सीईओ तिवारी ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने क्लस्टर की पंचायतों में उपस्थित रहकर मैदानी निगरानी सुनिश्चित करें। बैठक में यह भी कहा गया कि गांवों में सामुदायिक शौचालयों, सेग्रीग्रेशन शेड, शासकीय संस्थानों के शौचालयों, नाडेप, सोक पिट, लीच पिट, नालों और सिल्ट चैंबरों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। जिला एवं जनपद स्तरीय अमले को इन बिंदुओं की निरंतर मॉनीटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अतिरिक्त, बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत ई-केवाईसी कार्य की भी समीक्षा की गई। जिन पंचायतों में ई-केवाईसी के प्रकरण लंबित हैं, उन्हें 10 दिवस के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। समयसीमा में कार्य पूर्ण न करने वाले ए.डी.ई.ओ./पी.सी.ओ. के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।
बैठक में कार्यपालन यंत्री जीतेंद्र अहिरवार, जनपद पंचायत फंदा सीईओ शिवानी मिश्रा, बैरसिया सीईओ देवेश सराठे सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

#स्वच्छतासर्वेक्षण2025 #सीईओबैठक #समीक्षाबैठक #स्वच्छभारत #नगरनिगम