सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : नेक द्वारा A+ग्रेड प्राप्त श्री सत्य साई महिला महाविद्यालय भोपाल में स्नातक एवं स्नातकोत्तर नव प्रवेशित प्रथम वर्ष की छात्राओं व उनके अभिभावकों लिए उन्मुखीकरण कार्यक्रम ‘आरंभिका 2025’ का आयोजन किया गया।
यह आयोजन मुख्य रूप से अभिभावकों के लिए आयोजित किया गया । आयोजन का उद्देश्य अभिभावकों व छात्राओं से प्रत्यक्ष ‌रूप से विशेष सकारात्मक चर्चा करना था, जिससे कि अभिभावक भी महाविद्यालयीन योजनाओं एवं गतिविधियों से परिचित हो सकें तथा अपने प्रश्नों का निराकरण भी कर सकें।
इस अवसर पर भारतीय परंपरा अनुसार अभिभावकों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं वेद पाठ से किया गया।
स्वागत भाषण में महाविद्यालय की विधि प्राचार्य डॉ. अंजू बाजपेयी ने कहा कि महाविद्यालय संस्कारों का गढ़ है।शिक्षक छात्राओं के सर्वांगीण विकास हेतु दृढ़ संकल्पित हैं। वह कपूर की भांति जलकर अपनी छात्राओं को सर्वश्रेष्ठ बनाते हैं।


प्राचार्य डॉ.अर्चना श्रीवास्तव ने कहा कि विद्यार्थियों का बहुआयामी विकास हमारा उद्देश्य है। पूजा- उपासना वर्तमान में संजीवनी है।अपने इष्टदेव का पूजन कर, हम तनाव से दूर होकर भविष्य की चुनौतियों के लिए सक्षम बनते हैं।पुरातन में ही नवीनता का सृजन होता है। हम सदैव अपनी परंपराओं और जड़ों से जुड़े रहे हैं। मूल्यपरक शिक्षा और संस्कार हमारा ध्येय है। संस्कार सर्वत्र पूज्य हैं , अत: इन्हें सम्भाल कर रखें।
महाविद्यालय की निदेशक डॉ . प्रतिभा सिंह ने कहा कि महाविद्यालय एक‌ श्रेष्ठ संस्था है। आत्मीयतापूर्वक जुड़कर इसे अनुभव किया जा सकता है। संस्थान गुणवत्तापूर्ण, मूल्यपरक, संस्कार युक्त शिक्षा, मानवीय गुणों और आध्यात्मिकता के साथ बाबा के‌ दिव्य ध्येय को पूर्ण करने की ओर निरंतर अग्रसर हो रहा है‌।


महाविद्यालय की IQAC इंचार्ज डॉ. नीना अरोरा ने श्री सत्य साई बाबा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए महाविद्यालय की शैक्षिक व्यवस्था एवं विशेषताओं पर प्रकाश डाला।
डॉ.श्रीजी सेठ विभागाध्यक्ष राजनीति विभाग ने Nep-2020 (राष्ट्रीय शिक्षा नीति) के पाठ्यक्रम को विस्तार से समझाया ।
इस अवसर पर छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में पांच लकी नंबर चुनकर अभिभावक और छात्राएँ सम्मानित किए गए।
उप प्राचार्य डॉ .रेणू मिश्रा सहित महाविद्यालय की समस्त प्राध्यापिकाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ . स्मिता नायर विभागाध्यक्ष गणित विभाग ने किया।
आभार प्रदर्शन ने किया छात्रसंघ प्रभारी डॉ. शोभना श्रीवास्तव ने ।
राष्ट्रगान द्वारा कार्यक्रम का समापन हुआ।

#आरंभिका2025 #सत्यसाईमहिलामहाविद्यालय #भोपालकॉलेज #सांस्कृतिककार्यक्रम #महिलाशिक्षा #SriSathyaSaiCollege