सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल मंडल ने तकनीकी नवाचार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ‘स्पीडो विजन’ नामक सॉफ्टवेयर विकसित किया है। यह सॉफ्टवेयर लोको पायलट के स्पीडोमीटर डेटा का सेकंडों में विश्लेषण कर, सटीक और ग्राफिकल ड्राइविंग रिपोर्ट तैयार करता है। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, संचालन में पारदर्शिता लाना और लोको पायलट की कार्यप्रणाली में जवाबदेही बढ़ाना है।
‘स्पीडो विजन’ का निर्माण मंडल के मुख्य लोको निरीक्षक सुरेंद्र श्रीवास्तव द्वारा, मंडल रेल प्रबंधक देवाशीष त्रिपाठी एवं वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता सचिन शर्मा के मार्गदर्शन में मात्र एक माह में किया गया। इसका शुभारंभ महाप्रबंधक शोभना बंदोपाध्याय द्वारा गुना क्रू लॉबी में किया गया।
यह सॉफ्टवेयर लोकोमोटिव स्पीडोमीटर से प्राप्त एक्सेल डेटा को तेजी से प्रोसेस कर महत्वपूर्ण मानकों जैसे ओवरस्पीड, ब्रेकिंग पैटर्न, फील टेस्ट आदि का विश्लेषण करता है। भोपाल मंडल में प्रतिदिन औसतन 13 फ्लॉपी और मासिक 400 डेटा की समीक्षा की जाती है।
जून 2025 में हुई समीक्षा में 400 में से केवल 8 मामलों में अनियमितता पाई गई, जिन्हें काउंसलिंग हेतु भेजा गया। यह सॉफ्टवेयर रिपोर्ट को जीमेल और व्हाट्सएप से साझा करने की सुविधा भी देता है।
‘स्पीडो विजन’ रेलवे की डिजिटल दक्षता, सुरक्षा और जवाबदेही की दिशा में एक बड़ा और अनुकरणीय कदम है।

#पश्चिममध्यरेलवे #भोपालमंडल #स्पीडोविजन #रेलवेतकनीक #डिजिटलरेलवे #भारतीयरेलवे