सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (एमसीयू) और पब्लिक मीडिया टेक फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में “सोशल मीडिया में दक्षता एवं प्रबंधन कौशल विकास” विषय पर आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला का समापन शनिवार को हुआ। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यशाला के दूसरे दिन प्रतिभागियों को कंटेंट क्रिएशन, रिपोर्टिंग, फैक्ट चेकिंग, सोशल मीडिया एनालिटिक्स जैसे विषयों पर विशेषज्ञों से प्रशिक्षण प्राप्त हुआ।


पहले सत्र में सोशल मीडिया एवं मार्केटिंग विशेषज्ञ सुश्री मनोज्ञा तिवारी ने बताया कि प्रभावशाली कंटेंट क्रिएशन के लिए स्पष्ट दृष्टिकोण और अच्छी स्क्रिप्ट आवश्यक होती है। इसके बाद वरिष्ठ पत्रकार शुभी विश्वकर्मा ने ग्राउंड रिपोर्टिंग की बारीकियां प्रतिभागियों से साझा कीं।विशेष वक्ता शलभ उपाध्याय ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से कंटेंट क्रिएशन को करियर में कैसे बदला जा सकता है। प्रो. मोनिका वर्मा ने सोशल मीडिया कंटेंट एनालिसिस, रीच, इंगेजमेंट रेट और डेटा एनालिटिक्स जैसे तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।


डीन अकादमिक प्रो. पी. शशिकला ने फैक्ट चेकिंग और सही सूचना प्रसार के विषय में मार्गदर्शन दिया। समापन सत्र में पूर्व कुलपति बी.के. कुठियाला ने कहा कि सोशल मीडिया प्रोफेशनल्स को सत्यनिष्ठा और मर्यादा के साथ कार्य करना चाहिए। वरिष्ठ संपादक पंकज मुकाती ने पत्रकारिता और सोशल मीडिया के एल्गोरिद्म में अंतर को स्पष्ट किया, वहीं कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी ने कहा कि भारत में कंटेंट क्रिएशन की अपार संभावनाएं हैं और युवाओं को दीर्घकालीन दृष्टिकोण से काम करना चाहिए। कार्यशाला का संयोजन लोकेन्द्र सिंह ने किया और आभार प्रदर्शन शशिकला ने किया। कार्यक्रम में कुलसचिव, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक और विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

#एमसीयू #सोशल_मीडिया #कार्यशाला #डिजिटल_मीडिया #माखनलाल_विश्वविद्यालय #मीडिया_प्रशिक्षण