सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भारत को चेतावनी देते हुए कहा कि दुश्मन एक बूंद पानी भी पाकिस्तान से नहीं छीन सकता। मंगलवार को इस्लामाबाद में एक कार्यक्रम के दौरान शरीफ ने सिंधु जल संधि को निलंबित करने पर भारत को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि यदि भारत ने पानी रोकने की कोशिश की, तो पाकिस्तान ऐसा सबक सिखाएगा जिसे जिंदगीभर याद रखा जाएगा।
शरीफ ने कहा कि पानी पाकिस्तान की लाइफलाइन है और अंतरराष्ट्रीय समझौतों के तहत देश के अधिकारों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इससे पहले, पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ने भी भारत को युद्ध की धमकी दी थी। उनका कहना था कि यदि सिंधु जल संधि निलंबित रही तो पाकिस्तान के पास जंग के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा।
बीते 48 घंटों में पाकिस्तान के तीन बड़े नेताओं—प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो और आर्मी चीफ आसिम मुनीर—ने भारत को धमकी भरे बयान दिए हैं।
सिंधु जल संधि 19 सितंबर 1960 को भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और पाकिस्तान के राष्ट्रपति अयूब खान के बीच हुई थी। इसके तहत सिंधु, झेलम और चिनाब नदियों का पानी पाकिस्तान को, जबकि रावी, ब्यास और सतलुज का पानी भारत को दिया गया था।
भारत ने 24 अप्रैल 2025 को पहलगाम आतंकी हमले के दो दिन बाद यह संधि निलंबित कर दी थी। इस हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी, जिसके बाद भारत ने पाकिस्तान पर आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया था।
#सिंधुजलसंधि #पाकिस्तान #भारत #शहबाजशरीफ #इंडसवॉटरट्रीटी