सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /   आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  :   क्रिकेट प्रेमियों के बीच यह चर्चा जोरों पर है कि क्या टीम इंडिया के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल एशिया कप 2025 के टी-20 फॉर्मेट में खेलेंगे या नहीं। गिल पिछले एक साल से भारत के लिए कोई टी-20 इंटरनेशनल मैच नहीं खेले हैं। उनकी जगह पर अभिषेक शर्मा, यशस्वी जायसवाल और संजू सैमसन जैसे खिलाड़ियों ने टॉप ऑर्डर में मजबूत प्रदर्शन कर अपनी जगह बनाई है।

हालांकि, गिल का टी-20 फॉर्म बेहतरीन रहा है। IPL 2025 में गुजरात टाइटंस के लिए कप्तानी करते हुए उन्होंने 650 रन बनाए और छह अर्धशतक जड़े, उनका स्ट्राइक रेट 155 से अधिक रहा। गिल ने भारत के लिए 21 टी-20 मैचों में 140 के स्ट्राइक रेट से 578 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक भी शामिल है।

टी-20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद उन्हें जिम्बाब्वे सीरीज में कप्तानी का मौका मिला और भारत ने सीरीज जीती। वनडे टीम में वे स्थायी उप-कप्तान हैं और टेस्ट टीम के कप्तान भी हैं। लेकिन वर्कलोड मैनेजमेंट के कारण हाल की दो टी-20 सीरीज में उन्हें आराम दिया गया।

एशिया कप का फाइनल 28 सितंबर को होगा और इसके चार दिन बाद भारत को वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलनी है, जिसमें गिल कप्तान होंगे। ऐसे में चयनकर्ताओं को यह फैसला करना होगा कि उन्हें टी-20 में मौका दिया जाए या नहीं।

#शुभमनगिल #एशियाकप2025 #टी20क्रिकेट #भारतीयक्रिकेट