सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर संत हिरदाराम गर्ल्स कॉलेज, भोपाल में पूर्व छात्रा संघ शोगा एक प्रेरणादायी एलुमनाई मीट एवं लाइव टॉक शो का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महाविद्यालय की पूर्व छात्राओं को अपनी मातृसंस्था से जोड़ना और वर्तमान छात्राओं को उनके अनुभवों और उपलब्धियों से प्रेरित करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर कॉलेज प्रबंधन, प्राचार्या, संकाय सदस्य और आमंत्रित पूर्व छात्राओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। महाविद्यालय की प्राचार्या डालिमा पारवानी ने कहा कि पूर्व छात्राओं की उपलब्धियाँ किसी भी संस्थान की विरासत को दर्शाती हैं और वर्तमान छात्राएँ इस विरासत को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगी। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण लाइव टॉक शो था, जिसमें महाविद्यालय की पाँच विशिष्ट पूर्व छात्राओं चंद्रा पंवार (बी.एससी. कंप्यूटर साइंस), ऋतु मनवानी (बीसीए), नीता अग्रवाल पवार (एम.एससी. केमिस्ट्री), याशिका यादव (बी.कॉम. ऑनर्स) और नेहा अहेलिया (एम.एससी. बायोटेक्नोलॉजी) – ने भाग लिया। ये सभी पूर्व छात्राएँ आज विभिन्न क्षेत्रों में उच्च और प्रतिष्ठित पदों पर कार्यरत हैं।

टॉक शो में पूर्व छात्राओं ने महाविद्यालयीन जीवन की यादें साझा कीं और बताया कि शिक्षा, अनुशासन और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों ने उनके व्यावसायिक जीवन को दिशा दी। उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास, निरंतर सीखने की प्रवृत्ति और कठिन परिश्रम के महत्व पर प्रेरित किया। कार्यक्रम में रैपिड फायर राउंड आयोजित किया गया, जिसमें लाइब्रेरी या कैंटीन, हार्ड वर्क या स्मार्ट वर्क सुबह पढ़ाई या रात की तैयारी जैसे प्रश्नों ने उत्साह बढ़ाया। अंत में सभी पूर्व छात्राओं का आभार व्यक्त किया गया। यह कार्यक्रम महिलाओं की उपलब्धियों, सशक्तिकरण और प्रेरणा का सशक्त उदाहरण साबित हुआ, जो अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की भावना को साकार करता है। यह आयोजन न केवल पूर्व छात्राओं और वर्तमान छात्राओं को जोड़ने वाला था, बल्कि भविष्य की पीढ़ी के लिए प्रेरणा का मार्ग भी प्रशस्त करता है।

#अंतर्राष्ट्रीयमहिलादिवस #शोगा #एलुमनाईमीट #महिलासशक्तिकरण #महिलानौकरी #शिक्षासमाचार