सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /  आईटीडीसी न्यूज़  भोपाल   /   नई दिल्ली :  केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज नई दिल्ली स्थित कृषि भवन में रूस के उप प्रधानमंत्री श्री दिमित्री पात्रुशेव से मुलाकात की। इस अवसर पर रूस के उप कृषि मंत्री सहित प्रतिनिधिमंडल भी उपस्थित था। बैठक में कृषि, विज्ञान, तकनीक, नवाचार, शैक्षणिक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई।

श्री चौहान ने कहा कि बैठक अत्यंत सौहार्दपूर्ण एवं सार्थक रही। दोनों पक्षों ने कृषि एवं खाद्य सुरक्षा में आपसी सहयोग, द्विपक्षीय व्यापार को संतुलित करने और तकनीकी साझेदारी को मजबूत करने पर बातचीत की। उन्होंने रूस में भारतीय आलू और अनाज की निर्यात संभावनाओं, मत्स्य क्षेत्र, पोल्ट्री उत्पादों और बाजार में पहुंच पर भी चर्चा की।

बैठक में शोध और नवाचार, आईसीएआर और रूस की समकक्ष संस्थाओं के बीच सहयोग, विज्ञान और तकनीक के आदान-प्रदान पर भी विचार हुआ। इसके अलावा, भारत और रूस के कृषि विद्यार्थियों के अध्ययन और शैक्षणिक-अकादमिक आदान-प्रदान पर सहमति बनी। रूस ने चार भारतीय विद्यार्थियों को निःशुल्क पढ़ाई का प्रस्ताव दिया है, जबकि भारत में भी रूस के विद्यार्थियों को फेलोशिप का लाभ मिलेगा।

श्री चौहान ने कहा कि रूस का सहयोग लंबित व्यापारिक मुद्दों के समाधान में मदद करेगा। उन्होंने ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत और रूस कृषि, नवाचार, शिक्षा और खाद्य सुरक्षा में मिलकर काम करेंगे।

#भारत_रूस_सहयोग #कृषि #शिवराजसिंहचौहान #भारत_रूस #कृषि_व्यापार #शैक्षणिक_सहयोग