सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल के A+ ग्रेड प्राप्त श्री सत्य साई महिला महाविद्यालय में भगवान श्री सत्य साई बाबा के 100वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 21 से 23 नवंबर 2025 तक आयोजित तीन दिवसीय ‘शतम् साई जन्मोत्सव’ उत्साह और भक्ति से पूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और वेद पाठ के साथ हुआ। प्रथम दिवस के मुख्य अतिथि परम साई भक्त डॉ. प्रदीप दीक्षित और उनकी धर्मपत्नी कांता दीक्षित रहे। डॉ. दीक्षित ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि बाबा का मार्गदर्शन जीवन को सेवा, भक्ति और अनुशासन से जोड़ता है। उन्होंने कहा कि बाबा का संदेश “तुम्हारा जीवन ही मेरा संदेश है” हर शिष्य के लिए आदर्श है।

प्राचार्य अर्चना श्रीवास्तव और निदेशक प्रतिभा सिंह ने अपने उद्बोधन में प्रेम, सेवा और मूल्यों को बाबा की महान शिक्षाओं का केंद्र बताया। इस अवसर पर पूर्व छात्र संगठन ‘सृजन’ द्वारा महाविद्यालय को भगवान सत्य साई बाबा का मंदिर भेंट किया गया, जिसका उद्घाटन मुख्य अतिथि ने किया। महाविद्यालय की शोध पत्रिका ‘हाइब्रो’ का विमोचन भी किया गया। छात्राओं ने ‘साई संस्कार’ नाटिका ‘अमृतधारा-कृतज्ञता की अविरल धारा’ प्रस्तुत की, जिसमें कृतज्ञता और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश दिया गया। दोहों की ‘स्वर संगम जुगलबंदी’ और कथक की ‘भक्ति नृत्यांजलि’ ने भी सभी को प्रभावित किया। ‘दिव्य कला प्रदर्शनी’ तथा ‘दिव्य रंगावली’ विशेष आकर्षण रहे। राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा ‘आरोग्य सेवा शिविर’ का आयोजन कर स्वास्थ्य परीक्षण और जागरूकता गतिविधियाँ संपन्न की गईं। कार्यक्रम के अंत में डॉ. नीना अरोरा ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।
द्वितीय दिवस पर मुख्य अतिथि प्रेरक वक्ता डॉ. राजीव अग्रवाल ने विद्यार्थियों को प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से सकारात्मक सोच, आत्मसंयम और दृढ़ता का संदेश दिया। इस अवसर पर निबंध प्रतियोगिता में विजेता छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। इसके बाद बाबा के भोपाल आगमन से जुड़े संस्मरणों का भावपूर्ण प्रस्तुतिकरण हुआ, जिसमें भजनों की सामूहिक प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिभाव से भर दिया। उपप्राचार्य डॉ. रेणु मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। दिवस के अंत में नारायण सेवा के तहत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भोजन कराया गया।