सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : चीन के ऐतिहासिक शाओलिन मंदिर के प्रमुख महंत शी योंगक्सिन को बौद्ध संघ ने गंभीर आरोपों के चलते बर्खास्त कर दिया है। महंत पर महिलाओं से अवैध संबंध, नाजायज बच्चों का पिता होने और मंदिर की संपत्ति के गबन जैसे आरोप लगे हैं। चीन की कई सरकारी एजेंसियां मामले की गहन जांच कर रही हैं, वहीं चीन के बौद्ध संघ ने उनका दीक्षा प्रमाणपत्र भी रद्द कर दिया है।
संघ का कहना है कि योंगक्सिन की हरकतों से बौद्ध धर्म की प्रतिष्ठा और भिक्षु समुदाय की छवि को गंभीर क्षति पहुंची है। शी योंगक्सिन, जिनका असली नाम लियू यिंगचेंग है, वर्ष 1981 में शाओलिन मंदिर से जुड़े थे और 1999 में प्रमुख महंत बने।
1500 साल पुराना शाओलिन मंदिर सिर्फ एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि कुंग फू और मार्शल आर्ट्स की परंपरा के लिए भी वैश्विक पहचान रखता है। योंगक्सिन ने मंदिर को एक वैश्विक ब्रांड में तब्दील किया, विदेशों में स्कूल खोले और शाओलिन कुंग फू शो भी शुरू करवाए।
हालांकि, महंत का विवादों से पुराना नाता रहा है। 2006 में उन्हें स्थानीय सरकार से एक लग्जरी SUV उपहार में मिली थी, जबकि 2015 में भी उन पर महिलाओं से संबंध रखने और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगे थे। अब एक बार फिर उन पर लगे आरोपों ने चीन के बौद्ध समुदाय और मंदिर की साख को झटका दिया है।
जांच एजेंसियों ने कहा है कि मामले की जांच पारदर्शी ढंग से की जाएगी और सभी जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
#शाओलिन_मंदिर #महंत_बर्खास्त #चीन_समाचार #बौद्ध_संघ #धार्मिक_विवाद