सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी भोपाल के सेंटर फॉर इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग एंड स्किल डेवलपमेंट द्वारा एसडीईआरएफ (राज्य आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया बल) के कार्मिकों के लिए आयोजित तीन दिवसीय निःशुल्क ‘ड्रोन पायलट प्रशिक्षण कार्यक्रम’ का आज सफल समापन हुआ। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विश्वविद्यालय परिसर स्थित शारदा सभागार में आयोजित किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. सीतेश सिन्हा के स्वागत संबोधन से हुआ। कार्यक्रम में डीजीसीए (विमानन महानिदेशालय) द्वारा मान्यता प्राप्त जेबीबी ड्रोन ट्रेनिंग अकादमी के प्रमाणित प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन में ड्रोन प्रौद्योगिकी के अत्याधुनिक उपयोगों का प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण के दौरान एसडीईआरएफ जवानों को सर्च एंड रेस्क्यू (एसएआर) ड्रोन के मूल सिद्धांत, डीजीसीए नियमावली, थर्मल और नाइट विजन कैमरा संचालन, लाउडस्पीकर प्रणाली, आपातकालीन आपूर्ति ड्रॉप तंत्र, अग्निशमन पेलोड एवं रोप विंच संचालन का गहन प्रशिक्षण दिया गया। इसके अतिरिक्त, प्रतिभागियों को बाढ़, भूस्खलन एवं अग्नि जैसी बहु-आपदा परिस्थितियों में टैक्टिकल मिशन संचालन, रीयल-टाइम डेटा ट्रांसमिशन एवं डिजिटल स्काई प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।
स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने इस सफल आयोजन पर समस्त प्रशिक्षकों, अधिकारियों एवं प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय सामाजिक सरोकारों से जुड़े इस प्रकार के कौशल विकास कार्यक्रमों को निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रशिक्षण से प्राप्त दक्षताएं आपदा प्रबंधन में एसडीईआरएफ जवानों की कार्यकुशलता को नई ऊंचाइयां प्रदान करेंगी।
उल्लेखनीय है कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आपदा प्रबंधन म.प्र. भोपाल के निर्देशानुसार एसडीईआरएफ कार्मिकों हेतु आयोजित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग एंड स्किल डेवलपमेंट की टीम एवं जेबीबी ड्रोन ट्रेनिंग अकादमी के विशेषज्ञों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के संकाय सदस्य, एसडीईआरएफ के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।

#स्कोपयूनिवर्सिटी #एसडीईआरएफ #ड्रोनप्रशिक्षण #आपदाप्रबंधन #तकनीकीशिक्षा #राज्यआपदाबल