सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई ) ने अपने करोड़ों ग्राहकों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। बैंक ने बताया कि आज रात 12:15 बजे से 1:00 बजे तक ग्राहकों को यूपीआई सेवाओं में रुकावट का सामना करना पड़ सकता है। यह अस्थायी बंदी तकनीकी मेंटेनेंस और सिस्टम अपग्रेडेशन के चलते की जा रही है।
इस अवधि के दौरान एसबीआई यूपीआई से पैसे भेजने या प्राप्त करने में परेशानी हो सकती है। हालांकि बैंक ने भरोसा दिलाया है कि यह कार्य भविष्य में बेहतर डिजिटल अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
बैंक ने ग्राहकों को सलाह दी है कि इस समय के दौरान वे ” यूपीआई लाइट ” का इस्तेमाल करें। यह सुविधा सामान्य यूपीआई से अलग है और बैंक सर्वर डाउन होने पर भी काम करती है। यूपीआई लाइट के जरिए ₹500 तक के छोटे लेनदेन बिना हर बार पिन डाले किए जा सकते हैं, जिससे किराना, चाय की दुकान या ऑटो जैसे खर्चों में परेशानी नहीं होती।
ग्राहक अपने यूपीआई ऐप (जैसे फोनपे, पेटीएम, जीपे, भीम) में जाकर यूपीआई लाइट को SBI खाते से लिंक कर सकते हैं और अधिकतम ₹2,000 तक का वॉलेट बैलेंस ऐड कर सकते हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले 2 जुलाई को एसबीआई की डिजिटल सेवाएं ठप हो गई थीं, जिससे हजारों ग्राहकों को योनो, यूपीआई, आरटीजीएस जैसी सेवाओं में परेशानी हुई थी। बैंक इस बार पहले से ही आगाह कर रहा है ताकि ग्राहक वैकल्पिक व्यवस्था कर सकें।
#एसबीआई, #यूपीआईसेवा, #तकनीकीरखरखाव, #डिजिटलबैंकिंग, #यूपीआईलाइट