सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : संत हिरदाराम गर्ल्स कॉलेज, भोपाल की एनएसएस इकाई एवं रेड रिबन क्लब ने समाजहित एवं जनजागरूकता को ध्यान में रखते हुए विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया। इसके अन्तर्गत यूजीसी द्वारा निर्देशित स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत बोरवन पार्क, बैरागढ़ में सफाई अभियान चलाया गया। एनएसएस स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वच्छ भारत ही स्वस्थ भारत का आधार है का संदेश देकर सभी को स्वच्छता अपनाने हेतु प्रेरित किया।


इसके बाद ग्राम मुगलिया हाट में साक्षरता दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यालयीन बच्चों को स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई तथा कम्प्यूटर साइंस विभाग द्वारा उन्हें डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा और स्वच्छता के महत्व से अवगत कराया गया। बच्चों ने इन विषयों को उत्साहपूर्वक ग्रहण किया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रेड रिबन क्लब द्वारा मंचित एड्स जागरूकता हेतु नुक्कड़ नाटक रहा। इस नाटक ने समाज में स्वास्थ्य जागरूकता और जिम्मेदार आचरण का सशक्त संदेश दिया।

कॉलेज की प्राचार्य डॉ. डालिमा पारवानी ने इस अवसर पर अपने उद्बोधन में कहा एनएसएस स्वयंसेवकों का यह प्रयास समाज में शिक्षा, स्वच्छता और स्वास्थ्य के महत्व को जन-जन तक पहुँचाने का उत्कृष्ट उदाहरण है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा भाव और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रबल करते हैं। एनएसएस इकाई और रेड रिबन क्लब की यह पहल समाजहित में महत्वपूर्ण रही, जिसने न केवल बच्चों के बीच ज्ञान का संचार किया बल्कि समुदाय में भी जागरूकता और सकारात्मक संदेश स्थापित किया।
इसी के साथ महाविद्यालय में ओजोन दिवस के अवसर पर भौतिकी विभाग और नेचर्स क्लब के संयुक्त तत्वावधान में छात्राओं में पर्यावरण संरक्षण की जागरूकता बढ़ाने हेतु विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर छात्राओं ने भाषण प्रस्तुत किया और स्किट का मंचन किया, जिसमें ओजोन परत के महत्व और उसके संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि ओजोन परत पृथ्वी की सुरक्षा कवच है और इसके संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक होकर पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनानी चाहिए। महाविद्यालय प्रबंधन ने कार्यक्रमों के सफल आयोजन पर एन. एस. एस. इकाई, भौतिकी विभाग और नेचर्स क्लब की शिक्षिकाओं को बधाई दी।

#संतहिरदारामकॉलेज #एनएसएस #रेडरिबनक्लब #जागरूकताकार्यक्रम #छात्रसंरक्षण #स्वास्थ्यजागरूकता