सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : संत हिरदाराम गर्ल्स कॉलेज, भोपाल द्वारा हार्नेसिंग एआई टू एम्पावर जेन ज़ी / मिलेनियल टीचर्स एंड स्टूडेंट्स फॉर इफेक्टिव क्लासरूम टीचिंग–लर्निंग विषय पर राष्ट्रीय ई-कॉन्फ्रेंस का सफलतापूर्वक ऑनलाइन आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में देश के विभिन्न हिस्सों से शिक्षाविद्, शोधकर्ता और शिक्षक शामिल हुए, जिन्होंने आधुनिक शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की परिवर्तनकारी भूमिका पर विचार साझा किए उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि प्रवेश विजयवर्गीय, मैनेजिंग डायरेक्टर, फोर क्यूब सॉल्यूशंस, लेखक एवं सामाजिक कार्यकर्ता तथा विशिष्ट अतिथि अनिल पिसे, वरिष्ठ डेटा वैज्ञानिक उपस्थित रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में एआई के समुचित उपयोग पर बल दिया और कहा कि एआई शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ मानवीय रचनात्मकता, नैतिक मूल्य और समालोचनात्मक चिंतन को बनाए रखने में भी सहायक है। प्लेनरी सत्र में मुनेश चंद्र त्रिवेदी, प्रोफेसर, पीएसएस सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ वोकेशनल एजुकेशन ने एआई आधारित उपकरणों के माध्यम से कक्षाओं को इंटरैक्टिव, व्यक्तिगत और सुलभ बनाने की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। सम्मेलन के दो तकनीकी सत्रों में विद्वानों ने शिक्षा में एआई के विभिन्न अनुप्रयोगों पर शोध प्रस्तुत किए। प्रथम सत्र का विषय पाठ्यक्रम विकास, शैक्षणिक योजना एवं शिक्षण नवाचार में एआई का समावेशन था, जबकि द्वितीय सत्र में जनरेशन-ज़ी और मिलेनियल शिक्षकों को सशक्त बनाना एवं छात्र-केंद्रित अधिगम को प्रोत्साहित करना’ विषय पर विचार विमर्श हुआ। समापन सत्र में डालिमा पारवानी ने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की और उच्च शिक्षा में एआई को अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। मुख्य अतिथि एच. के. खंडई, विभागाध्यक्ष, सतत शिक्षा विभाग, बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय ने प्रतिभागियों और आयोजकों को बधाई दी और शिक्षा, शोध एवं आजीवन अधिगम में एआई की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला। इस सम्मेलन में देशभर से 100 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। शोध प्रस्तुतियों और चर्चाओं के माध्यम से एआई की शिक्षा क्षेत्र में बढ़ती महत्ता को रेखांकित किया गया। प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता ने भविष्य की शिक्षा में तकनीकी नवाचार और एआई के प्रभाव को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया।

#संतहिरदारामकॉलेज #ईकॉन्फ्रेंस #DigitalEducation #OnlineLearning