सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : संत हिरदाराम गर्ल्स कॉलेज, भोपाल में नवप्रवेशित छात्राओं के लिए चार दिवसीय इंडक्शन प्रोग्राम का भव्य शुभारंभ हुआ। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, नियमों तथा समग्र विकास के अवसरों से परिचित कराना है। कार्यक्रम के प्रथम सत्र का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर प्राचार्य डालिमा पारवानी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि कॉलेज जीवन केवल ज्ञानार्जन तक सीमित नहीं है, यह आपके व्यक्तित्व के निर्माण और आत्मविश्वास की नींव रखने का समय है। संत हिरदाराम गर्ल्स कॉलेज न केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करता है, बल्कि छात्राओं को नेतृत्व, नवाचार और नैतिक मूल्यों से युक्त एक जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करता है। आपने कहा कि महाविद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक गतिविधियाँ, एन.एस.एस., एन.सी.सी. महिला सशक्तिकरण एवं उद्यमिता विकास जैसे अनेक प्लेटफॉर्म उपलब्ध हैं, जिनके माध्यम से छात्राएँ अपने कौशल को निखार सकती हैं।

आपने छात्राओं के नियमित रूप से महाविद्यालय आने, एकाग्रता का अभ्यास करने एवं कठिन परिश्रम पर बल दिया। इस अवसर पर कॉलेज की फैकल्टी सदस्यों ने भी छात्राओं से संवाद किया और उन्हें अपने विषयों एवं विभागीय गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में प्रसिद्ध करियर गाइड और शिक्षा विशेषज्ञ सुश्री श्वेता केसवानी, निर्देशक, ड्रीमज़ ग्लोबल एजुकेशनल सर्विसेज ने हायर एजुकेशन एंड करियर काउंसलिंग विषय पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
इस सत्र में उन्होंने छात्राओं को उच्च शिक्षा के विभिन्न अवसरों, भारत एवं विदेशों में उपलब्ध कोर्सेज, स्कॉलरशिप्स, करियर की संभावनाओं, तथा सही निर्णय लेने की प्रक्रिया पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने यह भी बताया कि करियर काउंसलिंग सिर्फ कोर्स चुनने तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह विद्यार्थी के समग्र विकास और भविष्य निर्माण में अहम भूमिका निभाती है। आपने छात्राओं को स्वाध्याय, समय का सदुपयोग एवं शब्दकोष बढ़ाने का आग्रह किया। इसके साथ ही लिंकडेन प्रोफाइल बनाना, एआई के विभिन्न टूल्स और उनके उपयोग के बारे में जानकारी प्रदान की। यह इंटरएक्टिव सत्र छात्राओं के लिए ज्ञान और ऊर्जा से परिपूर्ण रहा। कार्यक्रम का संचालन और आभार प्रदर्शन नेहा रघुवंशी द्वारा किया गया।
#संत_हिरदाराम_कॉलेज, #इंडक्शन_प्रोग्राम, #नवागत_छात्राएं, #कॉलेज_कार्यक्रम, #शैक्षणिक_गतिविधि