सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : संत हिरदाराम गर्ल्स कॉलेज के मैनेजमेंट सर्कल एवं ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के सहयोग से बीबीए विद्यार्थियों के लिए जीएसटी 2.0 सरलीकरण एवं व्यवसाय योजना विथ केस स्टडी विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। कार्यशाला के प्रथम दिवस में सीए निखिल नैनानी ने अत्यंत ज्ञानवर्धक सत्र का संचालन किया।
उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप की वर्तमान टैरिफ नीतियों एवं उनके वैश्विक प्रभावों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की तथा पुराने जीएसटी ढांचे और नवीन जीएसटी 2.0 प्रणाली के बीच तुलनात्मक विश्लेषण प्रस्तुत किया। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न लेन-देन पर जीएसटी की प्रयोज्यता, व्हाइट-लेबल जानकारी और भारत के पुराने कर प्रणाली से आधुनिक जीएसटी मॉडल में परिवर्तन की प्रक्रिया पर भी प्रकाश डाला। कॉलेज की प्राचार्या, डॉ. डालिमा पारवानी ने मैनेजमेंट सर्कल और ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के इस शैक्षणिक एवं उद्योगोन्मुख प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को बदलते व्यापार एवं कराधान परिदृश्य की व्यावहारिक समझ प्रदान करते हैं। यह कार्यशाला 9 अक्टूबर 2025 को भी जारी रहेगी, जिसमें व्यवसाय योजना निर्माण एवं केस स्टडी विश्लेषण पर केंद्रित सत्र आयोजित किया जाएगा, जिससे प्रबंधन के विद्यार्थियों को वास्तविक व्यापारिक रणनीतियों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा।
#संतहिरदारामगर्ल्सकॉलेज #जीएसटी2_0 #व्यवसाययोजना #शिक्षा #कार्यशाला