सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : संत हिरदाराम गर्ल्स कॉलेज, भोपाल में एपेक्स एस. डी. जी. के सहयोग से महाविद्यालय के रेफरेंस लाइब्रेरी में पुस्तक आदान – प्रदान एवं दान अभियान का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य ज्ञान के आदान-प्रदान की संस्कृति को बढ़ावा देना तथा छात्रों को पुस्तकों का प्रतिस्थापन एवं दान कर वंचित वर्ग के विद्यार्थियों की सहायता हेतु प्रोत्साहित करना था।

इस अभियान में छात्राओं एवं प्राध्यापकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और खुले दिल से पुस्तकें दान कीं। इस अवसर ने न केवल सतत शिक्षा को बढ़ावा दिया बल्कि जरूरतमंद विद्यार्थियों तक शैक्षिक संसाधन पहुँचाने का मार्ग भी प्रशस्त किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कॉलेज की प्राचार्य डॉ. डालिमा पारवानी ने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान अर्जित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उसे साझा करने का भी नाम है। यह पहल हमारे समावेशी विचारधारा, करुणा और सतत विकास के प्रति संकल्प को दर्शाती है। पुस्तकों का दान और आदान-प्रदान कर हमारी छात्राएँ समाज में सामुदायिक भावना एवं देने की शक्ति को आत्मसात कर रही हैं। दो दिवसीय इस अभियान का समापन अनेक पुस्तकों के संग्रह के साथ हुआ, जिन्हें शीघ्र ही वंचित वर्ग के विद्यार्थियों तक पहुँचाया जाएगा। इस अभियान को सफल बनाने में सुश्री खुशबू सिंह और सुश्री गीतांशी बुट्टन का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम की सफलता पर महाविद्यालय प्रबंधन ने संयोजकों को बधाई दी।
#संतहिरदारामकॉलेज #पुस्तकदान #पुस्तकआदानप्रदान #शिक्षा #समाजसेवा