सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : संत हिरदाराम कन्या महाविद्यालय, भोपाल में भाषा विभाग द्वारा दो दिवसीय अंतरमहाविद्यालयीन साहित्यिक उत्सव फेस्ट लिटरिरियो 4.0 का भव्य आयोजन किया गया। यह उत्सव साहित्य, सृजनशीलता और युवा सोच का एक जीवंत एवं प्रेरणादायी मंच सिद्ध हुआ।
उत्सव के प्रथम दिवस में कविता, कहानी वाचन और स्कैवेंजर हंट जैसे आकर्षक कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। कविता प्रतियोगिता के निर्णायक राजीव मिश्रा ने प्रतिभागियों की रचनात्मकता की सराहना की और साहित्य के माध्यम से जीवन को उत्सव की तरह मनाने की कॉलेज की पहल की प्रशंसा की।


महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. डालिमा पारवानी ने छात्राओं को नियमित रूप से पढ़ने की आदत विकसित करने तथा अपनी क्षमताओं को निरंतर निखारते रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि साहित्य की वास्तविक समझ तभी विकसित होती है जब उसे मनोयोगपूर्वक पढ़ा जाए। बीएसएसएस, आईपर, सिस्टेक और एलएनसीटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के छात्रों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे प्रथम दिवस ऊर्जा और साहित्यिक उमंग से भरपूर रहा।


द्वितीय दिवस की शुरुआत एक सशक्त और चिंतनशील यूथ पार्लियामेंट से हुई, जिसमें मिट्ठी गोबिंदराम पब्लिक स्कूल, बीएसएसएस, आईपर, सरोजिनी नायडू कॉलेज, एक्सीलेंस और जेएलयू सहित विभिन्न कॉलेजों एवं स्कूलों के प्रतिभागियों ने सत्ता पक्ष और विपक्ष की भूमिकाओं का प्रभावी निर्वहन किया। कार्यक्रम के स्पीकर वीरेंद्र गुर्जर ने सत्र का कुशल संचालन किया और प्रस्तुत विधेयक को पारित घोषित किया।
इसके पश्चात आयोजित कैरेक्टर रैंप वॉक में छात्राओं ने हैरी पॉटर, सिंड्रेला और द वैम्पायर जैसे लोकप्रिय साहित्यिक एवं काल्पनिक पात्रों को जीवन्त रूप में प्रस्तुत किया, जिसने उत्सव की रचनात्मकता को चरम पर पहुँचा दिया। बाल दिवस के उपलक्ष्य में प्राचार्या और संकाय सदस्यों द्वारा भी रैंप वॉक में सहभागिता की गई, जिसने कार्यक्रम को और अधिक आनंदमय बना दिया।


उत्सव का समापन भव्य वैलेडिक्टरी समारोह के साथ हुआ, जिसमें दो दिनों के सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। बाल दिवस की उत्सवधर्मिता को आगे बढ़ाते हुए अंत में छात्राओं के लिए एक डांस पार्टी का आयोजन किया गया, जिसने पूरे उत्सव को आनंद और उल्लास के साथ पूर्ण किया।
प्राचार्या डॉ. डालिमा पारवानी ने साहित्यिक साहित्यीक समिती को उत्सव के उत्कृष्ट आयोजन एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए हार्दिक बधाई दी। उन्होंने विभाग द्वारा साहित्यिक संस्कृति, सृजनात्मकता और बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित करने के निरंतर प्रयासों की सराहना की।

#साहित्यिकउत्सव #संतहिरदाराममहाविद्यालय #अंतरमहाविद्यालयीन #कला_संस्कृति #छात्राप्रतिभा