सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : संत हिरदाराम गर्ल्स कॉलेज की बी.बी.ए. प्रथम एवं द्वितीय वर्ष की छात्राओं को शैक्षणिक भ्रमण के अंतर्गत एल.एम. बेकर्स प्रायवेट लिमिटेड,भारत की प्रमुख खाद्य प्रसंस्करण इकाई, का शैक्षणिक दौरा कराया गया। एल.एम. बेकर्स प्रा.लि. की देशभर में 189 से अधिक इकाइयाँ कार्यरत हैं तथा यह संयंत्र प्रतिवर्ष 60 से 70 मेट्रिक टन उत्पादन क्षमता रखता है। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को उत्पादन प्रक्रिया, गुणवत्ता नियंत्रण, आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन तथा एफएमसीजी क्षेत्र में संगठनात्मक कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना था।

भ्रमण के दौरान छात्राओं ने बड़े पैमाने पर बिस्किट निर्माण की चरणबद्ध प्रक्रिया को निकट से देखा। उन्होंने खाद्य उत्पादन में अपनाए जाने वाले गुणवत्ता आश्वासन उपायों की जानकारी प्राप्त की। छात्राओं ने यह भी समझा कि उपभोक्ताओं तक उत्पाद पहुँचाने में सप्लाई चेन और वितरण प्रणाली की अहम भूमिका होती है। साथ ही, छात्राओं ने प्रबंधन के सिद्धांतों के वास्तविक व्यवसायिक संचालन में प्रयोग को प्रत्यक्ष रूप से जाना। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. डालिमा पारवानी ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण
छात्राओं के लिए अत्यंत लाभकारी होते हैं। इससे उन्हें पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ वास्तविक उद्योग जगत का अनुभव भी प्राप्त होता है। यह अनुभव उनके व्यक्तित्व विकास और भविष्य के करियर निर्माण में सहायक सिद्ध होगा। कार्यक्रम की सफलता पर महाविद्यालय प्रबंधन ने वाणिज्य विभाग के प्रबंधक मंडल इकाई को बधाई दी।
#संतहिरदारामकॉलेज #बीबीएछात्राएं #एलएमबेकर्स #शैक्षणिकभ्रमण #उद्योगशिक्षा