सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: संभागायुक्त संजीव सिंह की अध्यक्षता में संभागीय सभागृह में विभागीय योजनाओं, निर्माण कार्य और विकास गतिविधियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी विभागवार कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। संजीव सिंह ने जिला स्तरीय वन अधिकार समिति में लंबित और निराकृत प्रकरणों, दावा आपत्तियों तथा वन ग्रामों को राजस्व ग्रामों में बदलने, एफआरए पट्टाधारियों को योजनाओं से लाभान्वित करने, अनुसूचित जाति एवं जनजाति छात्रावासों और आश्रमों में निर्माण एवं मरम्मत कार्य, प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना और धरती आवा ग्राम उत्कर्ष योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा कर बजट और लक्ष्य समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए सिंह ने ड्रॉप आउट विद्यार्थियों की जानकारी संकलित करने और कमी को दूर करने के लिए एक वर्ष की रणनीति बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने ऑनलाइन टीसी जारी करने, कक्षा 5वीं एवं 8वीं में छात्रों का शत-प्रतिशत प्रवेश सुनिश्चित करने और नोडल अधिकारियों की नियुक्ति पर जोर दिया। प्रथम कक्षा में नामांकन बढ़ाने के लिए घर-घर सर्वे अभियान, प्रवेश उत्सव, जनजागरूक गतिविधियों और शासकीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार की व्यवस्था करने को कहा गया। संभागायुक्त ने सभी विकासखंडों में 1 अप्रैल तक पुस्तक वितरण और पोर्टल पर डेटा एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 3 से 6 वर्ष आयु के बच्चों का प्रवेश महिला बाल विकास विभाग के सहयोग से सुनिश्चित करने, ग्राम सभा एवं पालक संघ की बैठकों में बच्चों की पहचान और आंगनबाड़ी/विद्यालय में प्रवेश कराना अनिवार्य किया गया। सिंह ने स्मार्ट क्लासेस और स्कूलों में निर्माण कार्य की जानकारी ली और कहा कि टीचर्स को टीवी मॉनीटरिंग और वीडियो माध्यम से पढ़ाने की पूरी जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने चैप्टर वाइज वीडियो और ऑनलाइन माध्यम से बच्चों को एडवांस शिक्षा देने के निर्देश दिए। सभी कार्य 31 मार्च तक पूर्ण करने और अप्रैल में अगली समीक्षा आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।

#संभागायुक्त #जिला_पंचायत #कार्यसमीक्षा #स्थानीय_शासन #विकासयोजना #प्रशासनिककार्य #जनकल्याण