सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : रूस का एक एएन-24 पैसेंजर विमान गुरुवार को अचानक रडार से गायब हो गया है। यह घटना रूस के सुदूर पूर्वी अमूर क्षेत्र में उस समय हुई जब विमान टिंडा शहर की ओर उड़ान भर रहा था। विमान में करीब 50 लोग सवार थे, जिनमें पांच बच्चे और छह क्रू मेंबर शामिल हैं।
यह विमान अंगारा एयरलाइन द्वारा संचालित किया जा रहा था और चीन की सीमा से लगे इलाके से होकर उड़ रहा था। इंटरफैक्स और शॉट समाचार चैनलों के अनुसार, जब यह अपने गंतव्य से कुछ किलोमीटर दूर था, उसी समय इसका संपर्क एयर ट्रैफिक कंट्रोल से टूट गया।
क्षेत्रीय गवर्नर वासिली ओरलोव ने बताया कि, “विमान की तलाश के लिए सभी आवश्यक संसाधन और बल तैनात किए गए हैं।” उन्होंने टेलीग्राम पर यह भी कहा कि प्राथमिक सूचना के अनुसार विमान में 43 यात्री और 6 चालक दल सदस्य मौजूद थे।
हालांकि, आपातकालीन मंत्रालय ने विमान में मौजूद लोगों की संख्या को थोड़ा कम बताते हुए लगभग 40 यात्रियों की पुष्टि की है। अभी तक विमान का कोई सुराग नहीं मिल पाया है और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
यह हादसा ऐसे समय में हुआ है जब क्षेत्र में मौसम की स्थिति भी अनिश्चित बनी हुई है, जिससे खोज अभियान में कठिनाई आ सकती है। प्रशासन इस घटना को गंभीर मानते हुए तत्काल राहत कार्य चला रहा है।
#रूस, #विमानलापता, #चीनसीमा, #AN24, #अंगाराएयरलाइन, #रडारसेगायब, #टिंडाशहर, #विमानदुर्घटना