सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग (सिंधिया कप) 2026 के अंतर्गत आईसेक्ट समूह की पुरुष क्रिकेट टीम रॉयल निमाड़ ईगल्स को अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय ग्राउंड, रीवा में चयन ट्रायल्स आयोजित किए गए। इस ट्रायल में रीवा और शहडोल संभाग के 200 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया और बैटिंग, बॉलिंग, फील्डिंग तथा विकेटकीपिंग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चयन समिति ने खिलाड़ियों का सूक्ष्म मूल्यांकन किया, जिसमें उनकी तकनीकी दक्षता, फिटनेस, खेल की समझ और प्रतिस्पर्धी क्षमता जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर ध्यान दिया गया। खिलाड़ियों के उत्साह और अनुशासन ने पूरे आयोजन को ऊर्जा और प्रतिस्पर्धा से भर दिया। कार्यक्रम में एमपीएल ऑब्जर्वर शकील खान विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि के रूप में संभागीय क्रीड़ा अधिकारी, रीवा संभाग एम. के. धोलपुरी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे ट्रायल्स युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं। इस अवसर पर राम भूषण मिश्रा (संचालक शारीरिक शिक्षा, विश्वविद्यालय रीवा), विजय वाजपेई (संभागीय क्रिकेट संघ रीवा) और राकेश त्रिपाठी (एंबेसडर रीवा एवं शहडोल संभाग – रॉयल निमाड़ ईगल्स) भी उपस्थित रहे।

सभी अतिथियों ने इस पहल को क्षेत्रीय क्रिकेट प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उल्लेखनीय है कि आईसेक्ट समूह ने इस वर्ष टीम स्वामित्व के साथ खेल विकास की नई पहल की है। सिद्धार्थ चतुर्वेदी (कार्यकारी उपाध्यक्ष, आईसेक्ट) ने कहा कि यह ट्रायल्स केवल चयन प्रक्रिया नहीं बल्कि खिलाड़ियों के दीर्घकालिक विकास का आरंभ हैं। रॉयल निमाड़ ईगल्स का उद्देश्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की उभरती प्रतिभाओं को पेशेवर प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और प्रतिस्पर्धी अवसर प्रदान करना है। रीवा में सफल आयोजन के साथ, अंतिम चरण के चयन ट्रायल्स भोपाल में आयोजित किए जाएंगे, जिससे प्रदेश के सभी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को समान अवसर मिल सके।
#रॉयलनिमाड़ईगल्स #क्रिकेटट्रायल्स #सिंधियाकप2026 #रीवाक्रिकेट #मध्यप्रदेशक्रिकेट #खिलाड़ीचयन #स्पोर्ट्सइवेंट