सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारत के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत आगामी घरेलू टेस्ट सीरीज में वेस्टइंडीज के खिलाफ नहीं खेल पाएंगे। यह दो मैचों की सीरीज 2 अक्टूबर से अहमदाबाद में शुरू होगी। भारतीय चयनकर्ताओं की बैठक 24 सितंबर को होगी, जिसमें अजित अगरकर की अगुआई वाली समिति 15 सदस्यीय टीम का चयन करेगी।
पंत इस साल इंग्लैंड में खेली गई एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के दौरान चोटिल हो गए थे। मैनचेस्टर टेस्ट में उनके बाएं पैर में फ्रैक्चर हुआ, लेकिन उन्होंने पहली पारी में बल्लेबाजी की। वर्तमान में वह बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सिलेंस में रिहैब कर रहे हैं और मेडिकल टीम की रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।
पंत की गैरमौजूदगी में ध्रुव जुरेल वेस्टइंडीज सीरीज में भारत के मुख्य विकेटकीपर होंगे। जुरेल ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट में कीपिंग की थी। एन जगदीशन बैकअप विकेटकीपर के रूप में टीम में शामिल हो सकते हैं।
सीरीज के लिए नितीश कुमार रेड्डी और देवदत्त पडिक्कल को भी मौका मिल सकता है। देवदत्त पडिक्कल ऑस्ट्रेलिया A के खिलाफ 150 रन की पारी के बाद चर्चा में हैं। नितीश कुमार रेड्डी घुटने की चोट से उबर चुके हैं और ऑलराउंडर के रूप में टीम में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
यह टेस्ट सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का हिस्सा है। भारत वर्तमान में अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है, जबकि वेस्टइंडीज तीनों मैच हारकर छठे स्थान पर है।
#ऋषभपंत #वेस्टइंडीजटेस्ट #ध्रुवजुरेल #BCCI #क्रिकेट