सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही टेस्ट सीरीज के मैनचेस्टर टेस्ट से पहले भारतीय टीम के लिए बुरी खबर सामने आई है। टीम के प्रमुख विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत के पैर के पंजे में फ्रैक्चर पाया गया है, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें कम से कम छह सप्ताह के आराम की सलाह दी है। इस खबर ने टीम की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि पंत का टीम में योगदान काफी अहम माना जाता है।
बीसीसीआई सूत्रों के मुताबिक, पंत को बल्लेबाजी की इजाजत है, लेकिन उनकी वर्तमान स्थिति को देखते हुए मैदान पर लौटना मुश्किल लग रहा है। टीम मैनेजमेंट ने ईशान किशन को संभावित रिप्लेसमेंट के तौर पर तैयार रखने का निर्णय लिया है, जो मैनचेस्टर टेस्ट में पंत की जगह ले सकते हैं।
यह चोट पंत को उस समय लगी जब उन्होंने भारतीय पारी के 68वें ओवर में इंग्लैंड के गेंदबाज क्रिस वोक्स की गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश की। गेंद उनके बल्ले के अंदरूनी किनारे से टकराकर सीधे दाएं पैर के पंजे पर लग गई। इसके बाद पंत काफी दर्द में दिखाई दिए और तुरंत रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान छोड़ना पड़ा।
ऋषभ पंत की चोट भारत के लिए चिंता का विषय बन गई है, खासकर तब जब टीम को एक अहम टेस्ट मुकाबला खेलना है। पंत की आक्रामक बल्लेबाजी शैली और विकेट के पीछे उनकी फुर्ती टीम के लिए अक्सर निर्णायक साबित होती है।
अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि क्या ईशान किशन इस जिम्मेदारी को निभा पाएंगे या नहीं। बीसीसीआई की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन जल्द ही पंत की स्थिति को लेकर अपडेट जारी किया जा सकता है।
#ऋषभ_पंत #भारतीय_टीम #इंग्लैंड_टूर #मैनचेस्टर_टेस्ट #क्रिकेट_समाचार