सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारत सरकार, ग्रामीण विकास मंत्रालय, नई दिल्ली के अवर सचिव अविक भट्टाचार्य एवं लेखा अधिकारी प्रवीण कुमार झा की उपस्थिति में जिला पंचायत सभाकक्ष, भोपाल में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत भोपाल, श्रीमती इला तिवारी द्वारा योजनाओं की संक्षिप्त जानकारी के साथ हुई।
बैठक में योजनाओं से संबंधित विभिन्न प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किए गए। सर्वप्रथम स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण योजना की समीक्षा की गई, जिसमें ओडीएफ प्लस मॉडल विलेज, सामुदायिक स्वच्छता परिसर, कचरा संग्रहण और प्रोसेसिंग के बारे में जानकारी दी गई। इसके पश्चात प्रधानमंत्री आवास योजना और मनरेगा के अंतर्गत चल रहे कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। जल गंगा संवर्धन अभियान और पुरानी बावड़ियों के जीर्णोद्धार जैसे नवाचारों पर भी प्रकाश डाला गया।एनआरएलएम द्वारा एक जिला एक उत्पाद योजना के अंतर्गत जरी-जरदोजी के कार्य और दीदी कैफे जैसी महिला सशक्तिकरण पहल की जानकारी दी गई। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत मध्यान्ह भोजन वितरण की स्थिति और अक्षय पात्र द्वारा शहरी क्षेत्र में भोजन वितरण का विवरण भी साझा किया गया।
अंत में अवर सचिव ने सभी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए तकनीकी समस्याओं के समाधान की आवश्यकता पर बल दिया और योजनाओं को जमीनी स्तर पर शत-प्रतिशत गुणवत्ता के साथ लागू करने के निर्देश दिए।

#पंचायत_विकास #ग्रामीण_विकास #समीक्षा_बैठक #भोपाल #सरकारी_योजनाएं #ग्राम_समृद्धि