सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : लोकभवन के बैंक्वेट हॉल में आयोजित 29वें राष्ट्रीय युवा उत्सव एवं विकसित भारत यंग लीडर्स संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने नई दिल्ली के लिए चयनित मध्यप्रदेश के युवा प्रतिभागियों से मुलाकात कर उन्हें संबोधित किया। इस अवसर पर राज्यपाल पटेल ने प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं प्रदान कीं। कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने माननीय राज्यपाल मंगुभाई पटेल का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा स्मृति चिह्न प्रदान कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान संचालक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग श्री राकेश गुप्ता द्वारा स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया गया।
विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका निर्णायक – राज्यपाल मंगुभाई पटेल
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने युवाओं से स्वामी विवेकानंद के जीवन दर्शन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण को अपना ध्येय बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रतिभागी ऐसे राष्ट्रीय मंच पर जा रहे हैं, जहाँ देश के शीर्ष नेतृत्व के समक्ष अपने विचार रखने का प्रत्यक्ष अवसर मिलेगा। युवा अपनी प्रतिभा एवं क्षमता के अनुरूप श्रेष्ठ प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश को गौरवान्वित करें।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत @2047 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का दूरदर्शी और व्यापक विज़न है, जिसे साकार करने की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है। यह विज़न केवल एक संकल्प नहीं, बल्कि देश के आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विकास के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने की समग्र रूपरेखा प्रस्तुत करता है।
देश के युवाओं में अनंत ऊर्जा और असीम संभावनाएं निहित हैं। युवा ही विकसित भारत के निर्माण के वास्तविक कर्णधार हैं। मध्यप्रदेश के चयनित प्रतिभागी राज्य के प्रतिभाशाली, जागरूक एवं सक्षम युवा प्रतिनिधि हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करने का गौरवपूर्ण अवसर प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि युवाओं के साथ-साथ संपूर्ण मध्यप्रदेश के लिए भी गर्व का विषय है।
युवाओं की सक्रिय सहभागिता से होगा राष्ट्र का नवनिर्माण’ – मंत्री विश्वास कैलाश सारंग
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में नई दिल्ली में आयोजित हो रहा विकसित भारत यंग लीडर्स संवाद कार्यक्रम युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए मध्यप्रदेश से चयनित सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं के विचारों को नीति निर्माण से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।
युवाओं ने साझा किया ‘विकसित भारत’ का विज़न
कार्यक्रम के दौरान चयनित युवा प्रतिभागियों की ओर से आध्या जैन एवं सोमेश ने अपने विचार साझा करते हुए विकसित भारत @2047 के संकल्प के प्रति युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह मंच न केवल अपनी सोच को राष्ट्रीय नेतृत्व के समक्ष रखने का अवसर है, बल्कि युवाओं को नीति निर्माण और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने इस अवसर के लिए राज्य शासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश का नाम गौरवान्वित करने का संकल्प दोहराया।
प्रधानमंत्री के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करेंगे मध्यप्रदेश के युवा
मध्यप्रदेश के चयनित युवा प्रतिभागी 10 से 12 जनवरी 2026 के दौरान भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित ‘विकसित भारत यंग लीडर्स संवाद’ कार्यक्रम में भाग लेंगे, जहाँ वे माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के समक्ष अपने नवाचारी विचार, सुझाव एवं विज़न प्रस्तुत करेंगे। यह अवसर युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से सीधे जुड़ने तथा ‘विकसित भारत @2047’ के संकल्प में सक्रिय भागीदारी निभाने का सशक्त मंच प्रदान करेगा। इस राष्ट्रीय मंच पर मध्यप्रदेश के युवा राज्य की प्रतिभा, सोच और सामर्थ्य का प्रभावी प्रतिनिधित्व करेंगे।
वरिष्ठ अधिकारी एवं चयनित युवा रहे उपस्थित
कार्यक्रम में राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी, अपर सचिव उमाशंकर भार्गव, माय भारत की उप संचालक तारा पारगी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग संचालक राकेश गुप्ता सहित विभागीय अधिकारीगण एवं 29वें राष्ट्रीय युवा उत्सव एवं ‘विकसित भारत यंग लीडर्स संवाद’ के लिए चयनित मध्यप्रदेश के युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे।

#राष्ट्रीय_युवा_उत्सव #चयनित_युवा #राज्यपाल_से_मुलाकात #युवा_नेतृत्व #युवा_शक्ति