सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : सुप्रतिष्ठित कथाकार, शिक्षाविद् एवं विचारक जगन्नाथ प्रसाद चौबे वनमाली जी की स्मृति को समर्पित वनमाली सृजन पीठ द्वारा आयोजित राष्ट्रीय वनमाली कथा सम्मान समारोह–2026 को स्कोप ग्लोबल स्किल्स विश्वविद्यालय, भोपाल के मुक्ताकाश मंच पर हुआ। उद्घाटन अवसर पर सुप्रसिद्ध लोकगायक प्रहलाद सिंह टिपानिया ने कबीर गायन की सशक्त प्रस्तुति देकर वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
प्रह्लाद सिंह टिपाणिया ने जग में मांगण हारा, तन राम का मंदिर , गुरुजी के चरणों में रहना और जरा धीरे गाड़ी हांकों जैसे कबीर पदों का गायन किया। तंबूरा और करताल की संगत के साथ प्रस्तुत निर्गुण भक्ति ने श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। उनके साथ ढोलक, वायलिन, हार्मोनियम और मंजीरे की सधी संगत ने कार्यक्रम को और प्रभावी बनाया।
यह समारोह ज्ञानपीठ सम्मानित वरिष्ठ उड़िया कथाकार Pratibha Ray के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। वनमाली कथाशीर्ष सम्मान से मृदुला गर्ग तथा राष्ट्रीय वनमाली कथा सम्मान से अलका सरावगी को एक-एक लाख रुपये की सम्मान राशि, शॉल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र देकर अलंकृत किया गया। अन्य सम्मानों में महेश दर्पण, उर्मिला शिरीष, कुणाल सिंह, यतीन्द्र मिश्र और अंजूम शर्मा को सम्मानित किया गया।
वनमाली सृजन पीठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष चौबे ने कहा कि यह द्विवार्षिक सम्मान समकालीन कथा साहित्य में लोकतांत्रिक और मानवीय मूल्यों की पुनर्प्रतिष्ठा का प्रयास है। समारोह में वनमाली कथा पत्रिका के फरवरी अंक और वनमाली वार्ता का लोकार्पण भी किया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकारों, शिक्षाविदों और युवा रचनाकारों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिसने इस आयोजन को साहित्यिक दृष्टि से ऐतिहासिक बना दिया।

#राष्ट्रीयवनमालीकथा #सम्मानसमारोह2026 #साहित्य #कथालेखन #साहित्यिकआयोजन #रचनाकार #संस्कृति