सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: रेल भर्ती बोर्ड, भोपाल कार्यालय में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की दिसंबर 2025 को समाप्त तिमाही की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रेल भर्ती बोर्ड की अध्यक्षा रश्मि दिवाकर ने की। बैठक में सर्वप्रथम मंडलीय राजभाषा अधिकारी एवं मुख्य राजभाषा अधिकारी अनिल कुमार सिन्हा ने समिति अध्यक्ष सहित सभी सदस्यों को बैठक की औपचारिक जानकारी दी। इसके पश्चात समिति उपाध्यक्ष एवं सचिव, रेल भर्ती बोर्ड, भोपाल नीरज कुमार राजपूत ने अध्यक्षा दिवाकर का पौधा भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में रश्मि दिवाकर ने कहा कि केंद्र सरकार के कर्मचारी होने के नाते यह हम सभी का संवैधानिक दायित्व है कि हिंदी को केवल भाषा के रूप में ही नहीं बल्कि अभिव्यक्ति के सशक्त माध्यम के रूप में भी अपनाएं

उन्होंने कहा कि हिंदी ऐसी कड़ी है जो भारत की विविधताओं को एकता के सूत्र में पिरोने की क्षमता रखती है। उन्होंने राजभाषा नियम 1976 के अनुसार कार्यालयी कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर बल देते हुए कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दैनिक सरकारी कार्यों में राजभाषा हिंदी का प्रयोग बढ़ाएं, ताकि भर्ती प्रक्रिया से संबंधित समस्त जानकारी आम जनता तक उनकी भाषा में पहुंच सके और कार्यालय के कार्यों में अधिक सरलता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित हो। बैठक के दौरान समिति से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों से यह संकल्प लेने का आह्वान किया गया कि वे अपने दैनिक कार्यालयीन कार्यों में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करेंगे तथा हिंदी के विकास, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार में सक्रिय योगदान देंगे। बैठक के उपरांत मंत्र लेखन: राजभाषा नीति और संवैधानिक प्रावधान विषय पर एक हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें कार्यालय के 10 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यशाला का संचालन एवं आभार प्रदर्शन वरिष्ठ अनुवादक राकेश कुमार मालवीय द्वारा किया गया।

#रेलभर्तीबोर्ड #भोपाल #राजभाषा #हिंदीकार्यशाला #हिंदीप्रोत्साहन #सरकारीकार्य #भोपालसमाचार