सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 2026 का आयोजन अत्यंत उत्साह, शैक्षणिकउत्कृष्टता और व्यापक छात्र सहभागिता के साथ किया गया। इस वर्ष का विषय विज्ञान में महिलाएँ: विकसित भारत की उत्प्रेरक रहा। तीन दिवसीय इस आयोजन को मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (एमपीसीएसटी), भोपाल के सहयोग से संपन्न किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलगुरु रवि प्रकाश दुबे की अध्यक्षता में हुआ। उद्घाटन सत्र में प्रो-वाईस चांसलर संजीव गुप्ता, कुलसचिव संगीता जौहरी, विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता अंकित अग्रवाल सहित प्राध्यापकगण एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। अपने संबोधन में रवि प्रकाश दुबे ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में विज्ञान और नवाचार की महत्वपूर्ण भूमिका है तथा इसमें महिलाओं की सहभागिता निरंतर सशक्त हो रही है। आयोजन के अंतर्गत विशेषज्ञ व्याख्यान, विज्ञान प्रदर्शनी, छात्र प्रतियोगिताएँ, संवाद सत्र एवं जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना तथा विज्ञान एवं अनुसंधान के क्षेत्र में महिलाओं के योगदान को रेखांकित करना था। वहीं समापन समारोह की शुरुआत विज्ञान रैली और विज्ञान गीत से हुई। मुख्य वक्ताओं में कैरियर कॉलेज की प्राचार्य चरणजीत कौर एवं भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान, भोपाल के रसायन विज्ञान विभाग के अधिष्ठाता आशीष श्रीवास्तव शामिल रहे। उन्होंने कहा कि विज्ञान में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी देश को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विश्वविद्यालय की एएमआरएल निदेशक डॉ. सुदेशना रे ने अपने व्याख्यान में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में महिलाओं की नेतृत्वकारी भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में छात्र कल्याण अधिष्ठाता, प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों द्वारा भावना अग्रवाल एवं सुची मोदी के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों ने मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद द्वारा रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय राष्ट्रीय विज्ञान दिवस समारोह में भी सहभागिता की। अंत में कार्यक्रम समन्वयक एवं सी. वी. रामन विज्ञान संचार केंद्र की समन्वयक प्रीति सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

#राष्ट्रीयविज्ञानदिवस#रबीन्द्रनाथटैगोरविश्वविद्यालय#विज्ञानउत्सव#नवाचार#छात्रगतिविधि#शोधकार्य#ताज़ाखबर#हिंदीसमाचार