सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय, भोपाल के योग विभाग द्वारा भारतीय दार्शनिक अनुसंधान परिषद (शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार) के सहयोग से आयोजित दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय योग सेमिनार 2026 हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। सेमिनार की थीम ‘गुरुकुल परंपरा के अनुरूप शिक्षा दर्शन’ रही, जिसमें देशभर के विद्वानों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में आयुष मंत्रालय, भारत सरकार से डॉ. रामनारायण मिश्रा (रिसर्च ऑफिसर), लखनऊ विश्वविद्यालय से डॉ. अमरजीत यादव (प्रोफेसर), रामसंस्कृत महाविद्यालय, चित्रकूट (सतना) से डॉ. तुषारकांत शास्त्री (एसोसिएट प्रोफेसर) तथा रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय से डॉ. केवलराम चक्रधारी (एसोसिएट प्रोफेसर) विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती पूजन एवं प्रार्थना के साथ हुआ। उद्घाटन सत्र में डॉ. रामनारायण मिश्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्राचीन गुरुकुल व्यवस्था केवल औपचारिक शिक्षा तक सीमित नहीं थी, बल्कि वह समग्र जीवन निर्माण की प्रक्रिया थी। उन्होंने बताया कि गुरु–शिष्य परंपरा के माध्यम से संस्कार, अनुशासन, आत्मबोध एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास किया जाता था। साथ ही उन्होंने वर्तमान शिक्षा प्रणाली में योग एवं भारतीय ज्ञान परंपरा को समाहित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
डॉ. अमरजीत यादव ने योग एवं शिक्षा के अंतर्संबंध पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग के माध्यम से विद्यार्थियों में एकाग्रता, स्मरण शक्ति एवं चारित्रिक विकास संभव है। उन्होंने आधुनिक शिक्षा प्रणाली में गुरुकुलीय मूल्यों के समन्वय की आवश्यकता को रेखांकित किया।
डॉ. तुषारकांत शास्त्री ने भारतीय शास्त्रों, वेदों एवं उपनिषदों के संदर्भ में गुरुकुल परंपरा की वैज्ञानिकता को स्पष्ट करते हुए बताया कि योग, आचार-विचार एवं जीवनशैली के माध्यम से व्यक्तित्व का समग्र विकास संभव है। वहीं डॉ. केवलराम चक्रधारी ने योग को व्यवहारिक जीवन से जोड़ते हुए कहा कि गुरुकुलीय शिक्षा पद्धति आज भी समाज के नैतिक एवं सांस्कृतिक उत्थान का प्रभावी माध्यम बन सकती है।


सेमिनार में प्रदेशभर के विद्वानों ने ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से सहभागिता करते हुए योग को समग्र जीवन पद्धति बताया तथा इसके विभिन्न अंगों के पालन का संदेश दिया। उन्होंने स्वस्थ, संतुलित एवं संस्कारयुक्त जीवन शैली अपनाने की प्रेरणा भी दी।
योग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. रत्नेश पाण्डेय ने बताया कि योग आधारित शिक्षा से विद्यार्थियों का मानसिक, शारीरिक एवं आध्यात्मिक विकास सुनिश्चित होता है। इससे न केवल शैक्षणिक गुणवत्ता में वृद्धि होती है, बल्कि एक स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।
दो दिवसीय इस अंतर्राष्ट्रीय योग सेमिनार के दौरान विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों द्वारा योग एवं भारतीय शिक्षा दर्शन से संबंधित अनेक शोध पत्र प्रस्तुत एवं प्रकाशित किए गए। इन शोध पत्रों में योग, गुरुकुल परंपरा, समग्र स्वास्थ्य, शिक्षा में योग की भूमिका तथा समाजोपयोगी अनुसंधान विषयों पर गहन अध्ययन प्रस्तुत किया गया। विद्वानों एवं अतिथियों ने इन शोध कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में योग अनुसंधान को और अधिक सशक्त बनाने पर बल दिया।
समापन सत्र में योग विभाग के अखिलेश विश्वकर्मा द्वारा सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में इस प्रकार के शैक्षणिक एवं योग आधारित कार्यक्रमों के सतत आयोजन की प्रतिबद्धता दोहराई गई। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के प्राध्यापकगण, शोधार्थी, योग विद्यार्थी एवं विभिन्न विभागों के छात्र–छात्राओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

#रबीन्द्रनाथटैगोरविश्वविद्यालय #अंतर्राष्ट्रीययोगसेमिनार #योग #स्वास्थ्य #उच्चशिक्षा #अकादमिकआयोजन