सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए “दीक्षारंभ-2025” नामक नवप्रवेशी छात्र परिचय कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों से परिचित कराना तथा उन्हें आत्मविश्वास और प्रेरणा से लैस करना था। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और पुष्प स्वागत के साथ हुई। इस अवसर पर आरएनटीयू की एक विशेष फिल्म भी प्रदर्शित की गई, जिसमें विश्वविद्यालय की जानकारी विस्तार से दी गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. गोवर्धन दास, निदेशक, भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान भोपाल रहे। अपने संबोधन में उन्होंने उच्च शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और विद्यार्थियों को अपने समय का सदुपयोग करने, शोध एवं नवाचार में सक्रिय भागीदारी निभाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी कठिनाइयों को अवसर में बदलें और समाज के लिए सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास करें।
विशिष्ट अतिथि अदिति चतुर्वेदी वत्स ने छात्रों को निरंतर सीखने और अनुशासन, धैर्य, टीमवर्क जैसे गुणों को अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने विश्वविद्यालय को छात्रों का दूसरा घर बताया, जहां वे न केवल अकादमिक ज्ञान प्राप्त करेंगे बल्कि जीवन के महत्वपूर्ण कौशल भी सीखेंगे।

कुलपति आर. पी. दुबे ने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा, शोध, खेल और नवाचार के लिए असीम अवसर प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को उपलब्ध संसाधनों का पूर्ण उपयोग करने और नैतिक मूल्यों के साथ समाज की सेवा करने के लिए प्रेरित किया। प्रो-वाइस चांसलर संजीव कुमार गुप्ता ने पाठ्यपुस्तक ज्ञान के साथ व्यवहारिक ज्ञान और सामाजिक सेवा में सक्रिय भागीदारी की अहमियत बताई। वहीं, कुलसचिव संगीता जौहरी ने विश्वविद्यालय के सर्वांगीण विकास पर जोर देते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन का पालन करने की सलाह दी।

कार्यक्रम में विभाग परिचय सत्र भी हुआ, जिसमें इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, कॉमर्स, ह्यूमैनिटीज, साइंस, एग्रीकल्चर, मेडिकल साइंस, लॉ, एजुकेशन, इंटरनेशनल स्टूडेंट्स अफेयर्स और स्टूडेंट वेलफेयर के डीन ने अपने-अपने विभागों का परिचय दिया। विद्यार्थियों को परीक्षा विभाग के नियम, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी), स्किल कोर्सेज, शोध केंद्रों, और अन्य अकादमिक पहलुओं की भी जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त, विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न प्रोजेक्ट्स का प्रदर्शन भी नवप्रवेशी छात्रों के लिए किया गया। दीक्षारंभ कार्यक्रम 14 अगस्त तक जारी रहेगा। कार्यक्रम के समन्वयक प्रतीक निगम एवं सह समन्वयक जितेंद्र अहीर ने कार्यक्रम का सफल संचालन सुनिश्चित किया। यह दीक्षारंभ नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक शुरुआत साबित होगा और उन्हें विश्वविद्यालय परिवार का अभिन्न हिस्सा बनाएगा
#दीक्षारंभ2025 #रबीन्द्रनाथटैगोरविश्वविद्यालय #नवप्रवेशीविद्यार्थी #शिक्षा #छात्रजीवन