सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू), यह गौरवपूर्ण सूचना साझा करते हुए अत्यंत प्रसन्नाता हो रही हैं कि प्रोफेसर उमा कांजीलाल को विश्वविद्यालय की कुलपति नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति विश्वविद्यालय के इतिहास में एक ऐतिहासिक क्षण है क्योंकि वह इस पद को संभालने वाली पहली महिला बनी हैं। प्रो. कंजीलाल कार्यवाहक कुलपति के रूप में कार्यरत थीं। मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा प्रणाली में 36 वर्षों से अधिक के समृद्ध अनुभव के साथ, प्रो. कंजीलाल शैक्षणिक नेतृत्व, डिजिटल नवाचार और संस्थागत विशेषज्ञता का अद्वितीय संगम लेकर विश्व के सबसे बड़े मुक्त विश्वविद्यालयों में से एक का नेतृत्व करेंगी।
कुलपति पद ग्रहण करने से पूर्व, उन्होंने मार्च 2021 से जुलाई 2024 तक प्रो-वाइस चांसलर के रूप में कार्य किया। इग्नू के साथ उनका जुड़ाव कई महत्वपूर्ण नेतृत्व भूमिकाओं में रहा है, जिनमें शामिल हैं:
निदेशक, ऑनलाइन शिक्षा केंद्र (2019-2021) निदेशक, अंतर-विश्वविद्यालयीय कंसोर्टियम फॉर टेक्नोलॉजी एनेबल्ड फ्लेक्सिबल एजुकेशन (2016-2019) निदेशक, एडवांस्ड सेंटर फॉर इनफॉर्मेटिक्स एंड इनोवेटिव लर्निंग (2012-2013) निदेशक, स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज (2007-2010) विश्वविद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष (2004-2006) प्रो. कांजीलाल 2003 से पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान की प्रोफेसर रही हैं और ई-लर्निंग, पुस्तकालयों में सूचना प्रौद्योगिकी, डिजिटल पुस्तकालय तथा मल्टीमीडिया पाठ्यसामग्री विकास के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर जानी जाती हैं। वर्तमान में वह शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की प्रमुख डिजिटल शिक्षा पहल स्वयं और स्वयं प्रभा की राष्ट्रीय समन्वयक हैं।
प्रो. कांजीलाल का वैश्विक योगदान भी उल्लेखनीय है उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ इलिनॉय, अर्बाना-शैम्पेन (1999-2000) में फुलब्राइट फेलोशिप प्राप्त की, कॉमनवेल्थ ऑफ लर्निंग के लिए परामर्श सेवाएं दीं, और जॉर्डन में यूएनआरडब्ल्यूए के लिए डिजिटल शिक्षा पर कार्य किया। उन्हें मंथन अवार्ड फॉर ई-एजुकेशन, ऑस्ट्रेलिया-इंडिया काउंसिल ग्रांट और डैनिडा फेलोशिप जैसे कई पुरस्कार प्राप्त हुए हैं।
इग्नू के डिजिटल बुनियादी ढांचे और ऑनलाइन शिक्षा प्रसार में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने नेशनल वर्चुअल लाइब्रेरी ऑफ इंडिया परियोजना की प्रमुख शोधकर्ता के रूप में तथा वर्तमान में एनएमईआईसीटी फेज-।।। के अंतर्गत इग्नू की परियोजना प्रबंधन इकाई की समन्वयक के रूप में उल्लेखनीय कार्य किया है।
उनकी यह नियुक्ति एक महत्वपूर्ण समय पर हुई है, जब इग्नू राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रभावी क्रियान्वयन में अग्रणी भूमिका निभा रहा है और विकसित भारत@2047 की परिकल्पना को साकार करने हेतु समावेशी, लचीली और प्रौद्योगिकी-सक्षम शिक्षा को बढ़ावा दे रहा है।
इग्नू क्षेत्रीय केंद्र, भोपाल के सभी सदस्य, प्रो. कांजीलाल को इस प्रतिष्ठित पद पर नियुक्ति हेतु हार्दिक बधाई देते हैं और विश्वविद्यालय को अकादमिक उत्कृष्टता, डिजिटल परिवर्तन और समावेशी विकास की दिशा में अग्रसर करने हेतु उनके दूरदर्शी नेतृत्व की प्रतीक्षा करते हैं।
#इग्नू #उमा_कांजीलाल #महिला_कुलपति #शिक्षा_समाचार #IGNOU #नई_नियुक्ति