सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : महाराणा प्रताप नगर व्यापारी महासंघ (पंजी.) का प्रतिनिधिमंडल नगर निगम आयुक्त से मिला और महाराणा प्रताप नगर को दिल्ली के कनॉट प्लेस की तर्ज पर विकसित करने के साथ क्षेत्र में अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या के समाधान को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि जोन क्रमांक 1 और 2 में पार्किंग स्थल उपलब्ध होने के बावजूद अव्यवस्था के कारण लोग सड़क पर वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे जाम की स्थिति बनती है और व्यापार प्रभावित होता है।
महासंघ ने सुझाव दिया कि पार्किंग स्थलों में दो पहिया वाहनों के लिए निःशुल्क एवं आरक्षित पार्किंग सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्राहक और कर्मचारी सड़क पर पार्किंग न करें। साथ ही मंदिर क्षेत्र और मुख्य चौड़ी सड़कों के दोनों ओर पीली पट्टी अंकित कर एक तरफ दो पहिया तथा दूसरी तरफ चार पहिया वाहनों की व्यवस्थित व्यवस्था बनाई जाए। प्रतिनिधिमंडल ने पार्किंग स्थलों के आसपास अवैध अतिक्रमण, बेसहारा पशुओं तथा कचरा फैलने की समस्या पर भी ध्यान दिलाते हुए नियमित साफ-सफाई और प्रभावी कचरा प्रबंधन की मांग की।
इसके अतिरिक्त प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, आवश्यक संकेतक तथा स्पीड ब्रेकर लगाने और यातायात नियमों के पालन हेतु जन-जागरूकता बढ़ाने जैसे उपायों पर भी चर्चा की गई। महासंघ ने आशा जताई कि नगर निगम द्वारा आवश्यक कार्रवाई से क्षेत्र में यातायात सुगम होगा और स्मार्ट बाजार के रूप में विकास को गति मिलेगी।

#व्यापारीमहासंघ #प्रतापनगर #पार्किंगसमस्या #पार्किंगसुधार #नगरनिगम #व्यापारसमाचार