सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारत सरकार द्वारा उच्च शिक्षा हेतु छात्र-छात्राओं को शिक्षा ऋण प्रदान करने वाली प्रधानमंत्री विद्यालक्ष्मी योजना का विस्तृत विवरण छात्र छात्राओं को प्रदान करने के लिए भवभूति प्रेक्षागार में उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित हुआ जिसमें छात्रों के उन्मुखीकरण हेतु स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया , बाग मुगलिया शाखा के प्रबंधक राजेन्द्र दोगने मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री विद्यालक्ष्मी योजना उच्च शिक्षा को राष्ट्र के समस्त वर्गों के छात्र-छात्राओं के लिए सुलभ बनाने की दिशा में एक अग्रणी कदम है।
इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे श्री राजेन्द्र दोगने ने समस्त छात्र- छात्राओं , प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों को प्रधानमंत्री विद्यालक्ष्मी योजना के विभिन्न चरणों को विस्तार पूर्वक समझाया ।उन्होंने इस योजना के द्वारा उच्च शिक्षा हेतु ऋण प्राप्त करने हेतु आवश्यक समस्त जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि संसाधनों के अभाव में बहुत से प्रतिभाशाली छात्र उच्च शिक्षा में नहीं आ पाते थे, परन्तु भारत सरकार की इस योजना के आने से अब सभी वर्गों के छात्र-छात्राओं को आसानी से उच्च शिक्षा उपलब्ध हो रही है। इस कार्यक्रम में अध्यक्ष के रूप में केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय भोपाल परिसर के निदेशक रमाकांत पाण्डेय उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में समस्त छात्र-छात्रा, प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री विद्यालक्ष्मी योजना के अंतर्गत उच्च शिक्षा हेतु छात्र-छात्राओं को भारत सरकार द्वारा अत्यंत सरल एवं सुलभ तरीके से ऋण प्रदान किया जाता है, इस संदर्भ में छात्र-छात्राओं को जानकारी प्रदान करने हेतु बैनर लगाकर जागरूकता लाने का प्रयास किया गया। सोशल मीडिया में तथा विभिन्न छात्र समूहों आदि में पोस्टर के माध्यम से प्रधानमंत्री विद्यालक्ष्मी योजना के प्रचार प्रसार का प्रयास किया गया।
इस कार्यक्रम का संयोजन सुमित सक्सेना एवं डॉ अवनि शर्मा ने किया ।
#प्रधानमंत्री_विद्यालक्ष्मी_योजना #शिक्षा_ऋण #उच्च_शिक्षा #छात्र_कल्याण #वित्तीय_सहायता #सरकारी_योजना