सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी में मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम से महत्वपूर्ण द्विपक्षीय मुलाकात की। प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत एयरपोर्ट पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। इसके बाद पीएम हेलिकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचे और वहां से 3 किमी लंबा रोड शो करते हुए होटल ताज तक गए। रोड शो के दौरान हजारों लोग सड़क किनारे खड़े होकर मोदी का उत्साहजनक स्वागत किया। फूलों की वर्षा और शंखनाद के बीच पीएम ने उत्साहित जनता के करीब जाने के लिए ड्राइवर को गाड़ी पब्लिक के पास ले जाने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच द्विपक्षीय वार्ता शुरू हुई, जिसमें सीनियर अफसर भी शामिल रहे। वार्ता का उद्देश्य भारत-मॉरीशस संबंधों को और मजबूत करना और सहयोग के नए आयाम तलाशना बताया जा रहा है। मॉरीशस के प्रधानमंत्री आज शाम नमो घाट से क्रूज पर सवार होकर दशाश्वमेध घाट पहुंचेंगे और गंगा आरती में शामिल होंगे। पीएम रामगुलाम के सम्मान में योगी सरकार ने होटल ताज में डिनर भी आयोजित किया है।
वहीं, सुरक्षा कारणों और विरोध प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय समेत कांग्रेस और सपा के लगभग 200 कार्यकर्ताओं को हाउस अरेस्ट किया गया। ये कार्यकर्ता वाराणसी में वोट चोरी के विरोध में प्रदर्शन करना चाहते थे।
मॉरीशस पीएम की यह भारत यात्रा 9 से 16 सितंबर तक जारी रहेगी। कल यानी 12 सितंबर को वे बाबा विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे और फिर अयोध्या के लिए रवाना होंगे, जहां रामलला का आशीर्वाद लेंगे।
#PMModi #MauritiusPM #वाराणसी #रोडशो #द्विपक्षीयवार्ता