सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : बॉलीवुड की सबसे प्रतिष्ठित कॉमेडी फ्रेंचाइज़ी ‘हेरा फेरी’ में एक बार फिर से वही पुरानी जादुई तिकड़ी लौट रही है। जी हां, अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल अब ‘हेरा फेरी 3’ में साथ नजर आएंगे। हाल ही में डायरेक्टर प्रियदर्शन ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया कि परेश रावल ने पहले फिल्म से हटने पर उनसे माफी मांगी है।
प्रियदर्शन ने बताया कि परेश रावल ने उन्हें कॉल कर कहा, “सर, मैं ये फिल्म कर रहा हूं,” और इसके साथ ही उन्होंने फिल्म छोड़ने के पुराने फैसले पर खेद भी जताया। परेश रावल ने कहा, “मैंने हमेशा आपके लिए सम्मान ही महसूस किया है। मैंने आपके साथ 26 फिल्में की हैं। उस समय कुछ व्यक्तिगत कारण थे, लेकिन अब मैं फिल्म का हिस्सा हूं।”
प्रियदर्शन ने आगे बताया कि अक्षय, परेश और सुनील ने अपने बीच के सारे मतभेद सुलझा लिए हैं और अब वे साथ काम करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा, “ये तिकड़ी दर्शकों के दिलों में खास जगह रखती है। बिना इनके हेरा फेरी की कल्पना नहीं की जा सकती।”
एक रोचक किस्सा साझा करते हुए प्रियदर्शन ने कहा कि एक फ्लाइट में फैन ने उनसे कहा था, “अगर परेश रावल फिल्म में नहीं होंगे, तो मैं ‘हेरा फेरी 3’ नहीं देखूंगा।” लेकिन अब जब सब ठीक हो गया है, स्क्रिप्ट पर जल्द काम शुरू होगा।
फिल्म की शूटिंग की तारीखों का ऐलान जल्द किया जाएगा और उम्मीद है कि यह फिल्म एक बार फिर दर्शकों के चेहरे पर हंसी लाने में सफल होगी।
#परेश_रावल #हेरा_फेरी_3 #प्रियदर्शन #अक्षय_कुमार #सुनील_शेट्टी #बॉलीवुड_समाचार #फिल्मी_खबरें #बॉलीवुड_गॉसिप