सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पश्चिम मध्य रेल के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय का समापन हुआ। पश्चिम मध्य रेल की महाप्रबंधक शोभना बंदोपाध्याय अपनी अधिवार्षिता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो गईं। मुख्यालय सभागार में आयोजित एक भव्य विदाई समारोह में उन्हें भावभीनी विदाई दी गई।
इस अवसर पर अपर महाप्रबन्धक प्रमोद कुमार खत्री, प्रमुख वित्त सलाहकार मनजीत कौर एवं प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी एस. डी. पाटीदार द्वारा उन्हें सेवानिवृत्ति संबंधी दस्तावेज एवं सम्मान पत्र प्रदान किए गए। रेल प्रशासन की ओर से उनके आगामी स्वस्थ, सुखी और समृद्ध जीवन के लिए मंगलकामनाएं प्रेषित की गईं।
उपलब्धियों से भरा सफर
भारतीय रेलवे सिग्नल इंजीनियरिंग सेवा के 1987 बैच की वरिष्ठ अधिकारी बंदोपाध्याय ने 1 नवंबर 2023 को पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक का पदभार ग्रहण किया था। वह इस महत्वपूर्ण पद को सुशोभित करने वाली पहली महिला रेल अधिकारी रहीं। अपने 38 वर्षों के दीर्घ कार्यकाल में उन्होंने मध्य रेलवे, दक्षिण पूर्व रेलवे, उत्तर रेलवे, पश्चिम मध्य रेल और रेलवे बोर्ड में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दीं।
पश्चिम मध्य रेल को मिलीं नई ऊंचाइयां
बंदोपाध्याय के कुशल नेतृत्व में पश्चिम मध्य रेल ने परिचालन, सुरक्षा और आधुनिकीकरण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए:
तकनीकी नवाचार: आईटी, सिग्नल और टेलीकॉम संपत्तियों के आधुनिकीकरण में उनका विशेष योगदान रहा।
प्रतिष्ठित सम्मान: उनके कार्यकाल के दौरान पश्चिम मध्य रेलवे को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री एवं रेलमंत्री द्वारा विभिन्न श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ पुरस्कारों से नवाजा गया।

उत्कृष्ट नेतृत्व: नागपुर में मंडल रेल प्रबंधक के रूप में उन्हें संपूर्ण भारतीय रेलवे में ‘बेस्ट लीडरशिप एंड परफॉरमेंस एक्सीलेंस अवार्ड’ से भी सम्मानित किया जा चुका है।
प्रेरणादायी विदाई
समारोह में उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों और विभागाध्यक्षों ने महाप्रबंधक के मार्गदर्शन और कार्यशैली की सराहना की। रेल प्रशासन ने उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण रेलवे परिवार के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।उपस्थित रहे।

#पश्चिम_मध्य_रेल #महिला_महाप्रबंधक #विदाई_समारोह #रेल_सम्मान #महिला_सशक्तिकरण