सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /  आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल  : पाकिस्तान को एक और कूटनीतिक झटका तब लगा जब उसके ‘जिगरी दोस्त’ चीन ने भी आतंकवाद पर सख्त रुख दिखाया है। अमेरिका द्वारा लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) को आतंकी संगठन घोषित करने के बाद चीन ने इस फैसले का समर्थन किया है। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने साफ कहा कि चीन सभी तरह के आतंकवाद का विरोध करता है और 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करता है।

चीन की ओर से यह बयान ऐसे समय में आया है जब पाकिस्तान वैश्विक मंचों पर अलग-थलग पड़ता दिख रहा है। चीन, जो अब तक आतंकवाद पर संयमित रुख अपनाता रहा है, अब खुले तौर पर अमेरिका के साथ खड़ा नजर आया है। लिन जियान ने कहा, “हम सभी देशों से आतंकवाद के खिलाफ मिलकर काम करने का आह्वान करते हैं ताकि क्षेत्रीय शांति और स्थिरता बनी रहे।”

उधर, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने TRF को आतंकी संगठन घोषित करते हुए कहा कि यह कदम उन पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में है जो पहलगाम हमले में मारे गए या घायल हुए थे।

चीन की इस प्रतिक्रिया ने पाकिस्तान की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं, जो पहले ही FATF की निगरानी सूची में रह चुका है। अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पाकिस्तान को आतंकवाद पर ढुलमुल रवैये के लिए और घेरा जा सकता है।

#पाकिस्तान, #चीन, #अमेरिका, #TRF, #आतंकवाद, #अंतरराष्ट्रीय_समर्थन, #जम्मू_कश्मीर, #पहलगाम_हमला