सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मैनचेस्टर के ऐतिहासिक ओल्ड ट्रैफर्ड क्रिकेट स्टेडियम में अब दो क्रिकेट दिग्गजों, भारत के पूर्व विकेटकीपर फारुख इंजीनियर और वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान क्लाइव लॉयड के नाम पर स्टैंड होंगे। यह गौरव लंकाशायर काउंटी क्लब द्वारा दिया जा रहा है, जहां इन दोनों खिलाड़ियों ने अपने करियर के अहम साल बिताए।
सूत्रों के अनुसार, यह सम्मान समारोह भारत और इंग्लैंड के बीच 23 जुलाई से शुरू हो रहे चौथे टेस्ट के पहले दिन आयोजित किया जा सकता है। इस सीरीज में इंग्लैंड फिलहाल 2-1 से आगे है।
फारुख इंजीनियर ने 1968 से 1976 के बीच लंकाशायर के लिए 175 मैच खेले और टीम के लिए 5942 रन बनाए। विकेट के पीछे 429 कैच और 35 स्टंपिंग कीं। उनके जुड़ने के बाद लंकाशायर ने गिलेट कप 4 बार जीता, जो उनकी उपयोगिता और प्रभाव को दर्शाता है।
दूसरी ओर, क्लाइव लॉयड ने लगभग दो दशकों तक क्लब के साथ रहते हुए लंकाशायर की क्रिकेट संस्कृति में एक क्रांतिकारी बदलाव लाया। वे क्लब के साथ 1970 के दशक में विदेशी खिलाड़ी के रूप में जुड़े और टीम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
87 वर्षीय फारुख इंजीनियर मैनचेस्टर को अपना स्थायी घर बना चुके हैं और उन्होंने कई बार ओल्ड ट्रैफर्ड को लेकर अपनी भावनाएं साझा की हैं। उन्होंने कहा था कि स्टेडियम के माहौल, ट्रेनों से उतरती भीड़ और दर्शकों की उत्साही आवाजें उन्हें आज भी याद हैं।
दिलचस्प यह है कि भारत में जहां फारुख ने ब्रेबॉर्न स्टेडियम में सबसे ज्यादा मैच खेले, वहां उनके नाम पर कोई स्टैंड नहीं है। अब यह सम्मान उन्हें उनके दूसरे घर, इंग्लैंड में मिलने जा रहा है।
यह पहल सिर्फ दो खिलाड़ियों के प्रति सम्मान नहीं, बल्कि क्रिकेट के सुनहरे इतिहास को सहेजने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
#फारुखइंजीनियर #क्लाइवलॉयड #ओल्डट्रैफर्ड #भारतइंग्लैंडटेस्ट #लंकाशायर