सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारतीय ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी से बाहर हो गए हैं। रविवार को प्रैक्टिस के दौरान उन्हें घुटने में चोट लग गई थी। इसके बाद बीसीसीआई ने सोमवार को पुष्टि की कि नीतीश पूरे इंग्लैंड दौरे से बाहर हो गए हैं। वहीं, तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह भी मैनचेस्टर में होने वाले चौथे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। उन्हें बाएं हाथ के अंगूठे में चोट लगी है।
बीसीसीआई की मेडिकल टीम दोनों खिलाड़ियों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। अर्शदीप को नेट प्रैक्टिस के दौरान चोट लगी जब वे गेंद रोकने की कोशिश कर रहे थे। टीम के असिस्टेंट कोच टेन डोश्चेट ने बताया कि उनके हाथ में कट लगा है, जिसकी गंभीरता जांच के बाद सामने आएगी।
टीम में हरियाणा के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज को बतौर बैकअप शामिल किया गया है। अंशुल इंडिया ए के लिए इंग्लैंड लायंस के खिलाफ खेल चुके हैं और रणजी ट्रॉफी में एक पारी में 10 विकेट लेकर सुर्खियों में आए थे।
अब उम्मीद की जा रही है कि ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर को नीतीश की जगह खेलने का मौका मिलेगा। इससे पहले पहले टेस्ट में भी उन्होंने नीतीश की जगह खेला था।
भारतीय टीम फिलहाल टेस्ट सीरीज में 1-2 से पीछे है और चौथा टेस्ट 23 जुलाई से मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम के सभी खिलाड़ी रविवार को मैनचेस्टर पहुंच चुके हैं। कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई में टीम इंडिया अब सीरीज बराबर करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
#नीतीशरेड्डी #अर्शदीपसिंह #इंग्लैंडटूर #टीमइंडिया #क्रिकेटसमाचार #चोट