सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिज़ाइन, मध्य प्रदेश का द्वितीय दीक्षांत समारोह, एनआईडी एमपी के मुख्य सभागार में आयोजित किया जाएगा।
इस वर्ष का दीक्षांत समारोह विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि दो स्नातक बैच 2020 – 2024 और 2021 – 2025 अपने उपाधि प्रमाणपत्र प्राप्त करेंगे, जो उनकी शैक्षणिक और रचनात्मक यात्रा का एक प्रमुख पड़ाव है।
मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. टेसी थॉमस, पूर्व महानिदेशक (एरोनॉटिकल सिस्टम्स), डीआरडीओ तथा पूर्व परियोजना निदेशक, अग्नि–IV बैलिस्टिक मिसाइल उपस्थित रहेंगी। भारत की सामरिक रक्षा और एयरोस्पेस नवाचारों में उनके उत्कृष्ट योगदान को देखते हुए, डॉ. थॉमस की उपस्थिति हमारे स्नातक डिज़ाइनरों को उत्कृष्टता, नवाचार और राष्ट्र-निर्माण हेतु प्रेरित करेगी। लोपेज़ डिज़ाइन स्टूडियो के फ़ाउंडर एवं सीईओ एंथनी लोपेज़ तथा गोकलदास एक्सपोर्ट्स लिमिटेड के वाइस चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर शिवरामकृष्णन गणपति, दीक्षांत समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में पधारेंगे।
कार्यक्रम में छात्र, अभिभावक, संकाय सदस्य, कर्मचारीगण, विशिष्ट अतिथि तथा डिज़ाइन एवं शिक्षण समुदाय के सदस्य एक साथ सम्मिलित होकर सृजनात्मकता, समर्पण और डिज़ाइन शिक्षण की भावना का उत्सव मनाएंगे। समारोह में उपाधि वितरण, मुख्य अतिथि का संबोधन तथा संस्थान के नेतृत्व के संदेश शामिल होंगे।
एनआईडी एमपी इस गौरवपूर्ण अवसर को स्नातक बैचों और उनके परिवारों के साथ मनाने की प्रतीक्षा कर रहा है, जब वे ज़िम्मेदार और भविष्य – उन्मुख डिज़ाइनर के रूप में पेशेवर दुनिया की ओर कदम बढ़ाएंगे।

#एनआईडीमध्यप्रदेश #दीक्षांतसमारोह #डिज़ाइनशिक्षा  #शिक्षासमाचार #मध्यप्रदेशसमाचार