सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल / काठमांडू : नेपाल के रामेछाप जिला जेल में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बड़ी संख्या में कैदियों ने जेल तोड़कर भागने का प्रयास किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को भेदने की कोशिश में लगे कैदियों पर नेपाली सेना ने गोलीबारी की, जिसमें 12 से 13 कैदी गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, कैदियों ने जेल के आंतरिक ताले तोड़ दिए थे और मुख्य दरवाजे को जबरन खोलने की कोशिश कर रहे थे। जैसे ही सुरक्षा बलों को इस स्थिति का आभास हुआ, सेना को तैनात किया गया और हालात को काबू में लाने के लिए गोलीबारी की गई। फिलहाल घायल कैदियों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रामेछाप के मुख्य जिलाधिकारी श्याम कृष्ण थापा ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि स्थिति को अब नियंत्रण में ले लिया गया है और जेल की सुरक्षा को और अधिक सख्त कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि हाल ही में देश में चल रहे Gen-Z आंदोलन के बीच जेल तोड़ने और भागने की घटनाओं में वृद्धि हुई है, जिसके चलते प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है।
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने जेल परिसर और आसपास के इलाकों में भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिए हैं। वहीं, सरकार ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। लगातार बढ़ती जेल तोड़ने की घटनाओं ने नेपाल की जेल सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
#नेपाल #जेलतोड़ #रामेछाप #गोलीबारी #कैदीघायल