सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान, मध्यप्रदेश में दिनांक 11.12.2025 को नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (क्रमांक–2) की दूसरी छः माही बैठक सफलतापूर्वक आयोजित की गई। परिषद का उद्देश्य केंद्रीय सरकारी कार्यालयों/उपक्रमों में हिंदी राजभाषा के प्रगामी प्रयोग की समीक्षा, प्रोत्साहन और राजभाषा नीति के प्रभावी कार्यान्वयन हेतु साझे मंच पर चर्चा एवं सुझाव प्रदान करना है। इन समितियों की बैठकें वर्ष में दो बार, प्रत्येक छः माह में एक बार आयोजित की जाती हैं। बैठक में नगर स्थित कार्यालयों के प्रशासनिक प्रमुख एवं राजभाषा गतिविधियों के लिये कार्यरत अधिकारीगण हेतु दिशा-निर्देश, हिंदी में कार्य के अनुपालन एवं संभावित योजनाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। इस बैठक में कुल 46 कार्यालयों के लगभग 120 प्रतिनिधियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया, जिन्होंने अपने-अपने कार्यालयों में हिंदी के प्रगतिशील उपयोग, उपलब्धियों तथा आगामी कार्ययोजनाओं पर महत्वपूर्ण विचार प्रस्तुत किए।

बैठक में समिति की अध्यक्ष  सुम्बुल मुंशी, इकाई प्रमुख एवं नराकास अध्यक्ष (क्रमांक-2), केन्द्रीय विद्युत अनुसंधान संस्थान, गोविन्दपुरा, भोपाल तथा समिति के सदस्य-सचिव श्रीमति विद्या राज, कनिष्ठ हिंदी अनुवादक एवं नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (क्रमांक–2) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बैठक में उपस्थित गणमान्य सदस्यों में  विद्या राकेश, निदेशक, राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान, मध्यप्रदेश,    कृष्ण बिर्मन, रजिस्ट्रार,  नीतिक देवगन, वरिष्ठ संकाय, तथा  राजेश कुमार सैनी, प्रशासनिक अधिकारी एवं राजभाषा अधिकारी शामिल रहे।  नरेन्द्र सिंह मेहरा, उप निदेशक (कार्यान्वयन), भारत सरकार, गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग, क्षेत्रीय कार्यालय, भोपाल भी बैठक में प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

इस वार्षिक आयोजन में राजभाषा के प्रचार-प्रसार एवं हिंदी में कार्य के प्रगतिशील प्रयासों को प्रेरित करने तथा उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों/कार्यालयों को विभिन्‍न श्रेणियों में प्रोत्साहन सम्मान स्वरूप प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह में हिंदी में कार्य करने के लिये उत्कृष्ट कार्यों एवं नवोन्मेषी प्रयासों का उल्लेख एवं प्रोत्साहन प्रदान किया गया।

यह बैठक हिंदी राजभाषा के प्रगतिशील प्रयोग को बढ़ावा देने, राजभाषा कार्यान्वयन में आई कठिनाइयों पर चर्चा करने तथा भविष्य की योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु मार्गदर्शन करने के लिये विशेष रूप से आयोजित की गई थी। समिति के माध्यम से हिंदी भाषा के अधिकाधिक प्रभावी एवं परिणाममुखी उपयोग हेतु निरंतर दृष्टिकोण तैयार करने का संकल्प लिया गया।

#राष्ट्रीयडिजाइनसंस्थान #राजभाषाकार्यान्वयन #नगरसमिति #छहमाहीबैठक #राजभाषाप्रगति #हिन्दीप्रशासन #सरकारीसमाचार