सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़/ इंटीग्रेटेड ट्रेड न्यूज़ भोपाल:  राष्ट्रीय डिज़ाइन संस्थान, मध्य प्रदेश (एनआईडी एमपी) में तीन दिवसीय वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव “ओपेसिटी’26, रास्तें” का आज उत्साहपूर्ण और गरिमामय वातावरण में शुभारंभ हुआ। 20 से 22 फरवरी तक चलने वाले इस महोत्सव के पहले दिन रचनात्मकता, संस्कृति, खेल और कला का प्रभावशाली संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 11:00 बजे मुख्य सभागार में उद्घाटन समारोह से हुई। पारंपरिक सरस्वती वंदना के बाद दीप प्रज्वलन के साथ महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन किया गया। उद्घाटन सत्र में संस्थान की निदेशक डॉ. विद्या राकेश ने विद्यार्थियों को रचनात्मकता, नवाचार और सहयोग की भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ओपेसिटी युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का सशक्त मंच है।

दोपहर 01:00 बजे एसोसिएशन ऑफ डिज़ाइनर्स ऑफ इंडिया (ADI) के तत्वावधान में डिज़ाइन टॉक आयोजित हुआ, जिसमें पुणे स्थित लेमन डिज़ाइन प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक श्री वसीम खान ने समकालीन डिज़ाइन परिदृश्य और करियर अवसरों पर विचार साझा किए। साथ ही परिसर में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएँ भी चलीं, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

शाम 4:00 बजे “मोशन ब्लर” नृत्य प्रतियोगिता में टीमों की ऊर्जावान प्रस्तुतियों ने दर्शकों को रोमांचित किया। इसके बाद 6:00 बजे “नाटक कंपनी” की रंगमंचीय प्रस्तुति में सामाजिक विषयों को प्रभावी अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।

रात्रि 7:00 बजे से संगीत संध्या में स्थानीय और छात्र कलाकारों ने प्रस्तुति दी, जिससे पूरा परिसर सुरों से गूंज उठा। फूड स्टॉल और आर्ट-क्राफ्ट स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं 8:00 बजे से 9:00 बजे तक “हंटिंग द हेवेन्स” टेलिस्कोपिक स्काई गेज़िंग सत्र आयोजित हुआ, जिसे ज्ञानवर्धक और रोमांचक अनुभव बताया गया।

महोत्सव के आगामी दो दिनों में फैशन शो, ओपन माइक, डीजे नाइट सहित कई सांस्कृतिक और मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार, ओपेसिटी’26 विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने के साथ सामुदायिक सहभागिता और सांस्कृतिक समृद्धि को भी बढ़ावा देता है।

#राष्ट्रीयडिज़ाइनसंस्थान #ओपेसिटी26 #रास्तें #मध्यप्रदेश #डिज़ाइन #नवाचार #रचनात्मकता #आर्टइवेंट