सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : स्कोप आंचलिक विज्ञान केन्द्र, भोपाल में विज्ञान में महिलाएं: विकसित भारत को उत्प्रेरित करना थीम पर राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 2026 के अंतर्गत सप्ताहव्यापी कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी है। यह आयोजन राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद के तत्वावधान में संपन्न हो रहा है। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस प्रतिवर्ष 28 फरवरी को सी वी रमन द्वारा खोजे गए रमन प्रभाव की स्मृति में मनाया जाता है। रासायनिक कौतूहल शीर्षक से एक विशेष विज्ञान शो का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत रसायन विज्ञान से संबंधित विभिन्न रोचक एवं आकर्षक प्रयोगों का सजीव प्रदर्शन किया गया। इन प्रयोगों के माध्यम से रासायनिक अभिक्रियाओं, रंग परिवर्तन, ऊष्मा उत्सर्जन तथा गैस निर्माण जैसी वैज्ञानिक प्रक्रियाओं को सरल एवं प्रभावशाली ढंग से समझाया गया। कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रस्तुत प्रयोगों ने न केवल विज्ञान के प्रति जिज्ञासा उत्पन्न की, बल्कि दैनिक जीवन में रसायन विज्ञान के महत्व को भी रेखांकित किया। शो के माध्यम से वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक सोच एवं प्रयोगधर्मिता को प्रोत्साहित करने का सार्थक प्रयास किया गया। सप्ताहव्यापी इस आयोजन के अंतर्गत आगामी दिनों में निम्न तापमान पर पदार्थ (द्रव नाइट्रोजन आधारित प्रदर्शन) एवं निम्न दाब पर नवीन प्रयोग जैसे रोचक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आंचलिक विज्ञान केन्द्र, भोपाल द्वारा आयोजित यह श्रृंखला विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आमजन में वैज्ञानिक चेतना, जिज्ञासा एवं नवाचार की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

#राष्ट्रीय_विज्ञान_दिवस #विज्ञान_दिवस_2026 #भोपाल #रासायनिक_कौतूहल #वैज्ञानिक_जिज्ञासा