सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस  /  आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल :   प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की त्रिनिदाद और टोबैगो यात्रा के दौरान भारत की कूटनीति को एक बड़ी सफलता मिली है। कैरेबियाई देश त्रिनिदाद और टोबैगो ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में भारत की स्थाई सदस्यता का खुलकर समर्थन किया है। यह ऐलान दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय वार्ता के बाद हुआ।

प्रधानमंत्री मोदी और त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद-बिसेसर के बीच हुई मुलाकात के बाद द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत बनाने के लिए कुल 6 महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। ये समझौते मुख्य रूप से बुनियादी ढांचे, फार्मास्यूटिकल्स, व्यापार, डिजिटल सहयोग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान जैसे क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में त्रिनिदाद और टोबैगो में बसे भारतीय मूल के लोगों के प्रति विशेष सम्मान प्रकट किया। उन्होंने घोषणा की कि अब इस देश में रहने वाले भारतीय मूल के लोगों की छठी पीढ़ी तक को ओवरसीज सिटीजनशिप ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड जारी किया जाएगा। इससे भारतीय समुदाय को भारत से जुड़ाव का मजबूत अवसर मिलेगा।

गौरतलब है कि त्रिनिदाद और टोबैगो की लगभग 40% आबादी भारतीय मूल की है। इस ऐतिहासिक यात्रा ने भारत और कैरेबियाई देशों के बीच संबंधों को एक नई ऊंचाई दी है और वैश्विक मंच पर भारत की स्थिति को और मजबूत किया है।

यह यात्रा भारत की सक्रिय वैश्विक भूमिका और प्रधानमंत्री मोदी की प्रभावशाली विदेश नीति का एक और उदाहरण बनकर उभरी है।

#मोदी_मैजिक #त्रिनिदाद_टोबैगो #भारत_UNSC_सदस्यता #विदेश_नीति #प्रधानमंत्री_मोदी #भारतीय_समुदाय