सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल में अकादमिक सत्र 2025-26 का सत्रारंभ गरिमामय माहौल में हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि मुख्य वक्ता प्रख्यात कवि और वक्ता कुमार विश्वास रहे। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी, मंत्री कृष्णा गौर, महापौर मालती राय, विधायकगण, वरिष्ठ पत्रकार और विश्वविद्यालय परिवार भी मौजूद रहा।


मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकारिता समाज के संचालन में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने बताया कि नारद और रामायणकालीन प्रसंगों से भी पत्रकारिता की लोककल्याणकारी परंपरा का पता चलता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एमसीयू ने अपनी स्थापना से लेकर अब तक राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट पहचान बनाई है और यहां से निकले पत्रकार मीडिया जगत में मानक स्थापित कर चुके हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दादा माखनलाल चतुर्वेदी की 12 फीट ऊँची प्रतिमा का अनावरण किया और परिसर में पौधारोपण भी किया।


डॉ. कुमार विश्वास ने कहा कि आज भी समाज छपे और बोले गए शब्दों पर भरोसा करता है। पत्रकारिता का सबसे बड़ा आधार उसकी विश्वसनीयता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों का कर्तव्य है कि वे तटस्थ होकर सत्य को प्रस्तुत करें। कुमार विश्वास ने युवाओं से कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा और संस्कृति पर गर्व करें तथा पत्रकारिता में लोककल्याण को सर्वोच्च रखें।


कार्यक्रम में वरिष्ठ संपादक एन. रघुरामन ने सॉफ्ट स्किल्स पर संवाद किया, वहीं वरिष्ठ फिल्मकार आशीष कुलकर्णी ने मीडिया में तकनीक और एआई के बढ़ते प्रभाव पर चर्चा की। विश्वविद्यालय की पूर्व छात्राओं ने भी अपने अनुभव साझा किए। कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी ने विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन और नए अवसरों को अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में विश्वविद्यालय एआई, डीप फेक और साइबर सिक्योरिटी जैसे विषयों पर नए पाठ्यक्रम आरंभ करेगा।


इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में देश के प्रमुख समाचार पत्रों की ऐतिहासिक सुर्खियों की गैलरी भी स्थापित की गई है। कार्यक्रम का संचालन विभिन्न सत्रों में प्रोफेसरों और वरिष्ठ अध्यापकों ने किया तथा आभार कुलसचिव डॉ. पी. शशिकला ने व्यक्त किया।

#एमसीयू #राष्ट्रीयमीडिया #मध्यप्रदेश #मुख्यमंत्री #मोहनयादव