सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मीडिया का स्वरूप दिन-प्रतिदिन बदल रहा है और एआई भी मीडिया में अपनी अहम जगह तेज़ी से बना रही है। इसी दिशा में भारत के सबसे बड़े पत्रकारिता विश्वविद्यालय एमसीयू में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विभाग द्वारा न्यूज प्रोडक्शन, एआई-संचालित रिपोर्टिंग और संपादन का भविष्य विषय पर एक मास्टर क्लास का आयोजन किया गया।
इस सत्र में एनडीटीवी में दशकों से सक्रिय और वर्तमान में एनडीटीवी एमपी/सीजी के एडिटर अनुराग द्वारी, स्वराज एक्सप्रेस के प्रधान संपादक डॉ. अमित जैन, तथा बंसल न्यूज़ एमपी/सीजी के प्रधान संपादक श्री शरद द्विवेदी ने पत्रकारिता और एआई के भविष्य पर गहराई से चर्चा की।


अनुराग द्वारी ने मोजो के शुरुआती दौर के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को जजमेंटल होने से बचने की सलाह दी। वहीं डॉ. अमित जैन ने एआई से जुड़ी चुनौतियों को सरल तरीक़े से समझाया। दूसरी ओर श्री शरद द्विवेदी ने अपने सहज और रोचक अंदाज़ में सेशन को इंटरैक्टिव बनाते हुए विद्यार्थियों को यह समझाया कि एआई पर निर्भर नहीं होना है, बल्कि इसे एक सहायक उपकरण की तरह उपयोग करना है।
विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका जवाब शरद जी ने चैनल की कार्य प्रणाली के कुछ उदाहरणों के साथ दिया। कार्यक्रम के दौरान इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. मोनिका वर्मा, लेफ्टिनेंट डॉ. मुकेश चौरासे, राहुल खड़िया सहित अन्य शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में विद्यार्थियों के लिए एक विशेष कार्यशाला का भी आयोजन किया गया, जिसमें ईटीवी भारत की ब्यूरो हेड शेफाली पांडे, एम.पी. भोज यूनिवर्सिटी के प्रोड्यूसर प्रमोद निगम और एस.वी. पॉलिटेक्निक भोपाल के फ़ैकल्टी डॉ. जुबेर हाशमी ने विद्यार्थियों के बीच जाकर न केवल संवाद स्थापित किया बल्कि स्किल अपग्रेडेशन की तकनीकें भी बताईं।


शेफाली पांडे ने विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान कहा कि पत्रकारिता समाज और सरकार के बीच एक सेतु का कार्य करती है। ज़मीन से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने रिपोर्टिंग के कई अनछुए पहलुओं पर जोर दिया। उन्होंने कहा “ग्राउंड रिपोर्टिंग करते समय पत्रकार नहीं, बल्कि एक इंसान बनकर लोगों से बात कीजिए, तभी आप उनकी समस्याओं को सही रूप में सामने ला पाएंगे।” उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि किसी भी घटना को पहले महसूस करें, फिर उस पर कहानी लिखें।
वहीं डॉ. जुबेर हाशमी ने विद्यार्थियों को प्रैक्टिकल गतिविधियों के माध्यम से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एआई विषय को समझाया। कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए प्रमोद निगम ने एआई जनेरेटिव्स वीडियो एडिटिंग के नवीन टूल्स का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने भी बड़ी धैर्यपूर्वक सभी सत्रों को सुना और वक्ताओं से प्रश्न पूछे। इस दौरान विभागाध्यक्ष डॉ. मोनिका वर्मा, लेफ्टिनेंट डॉ. मुकेश चौरासे, राहुल खड़िया सहित अन्य शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।

#एमसीयू #AINewsProduction #मास्टरक्लास #मीडियाशिक्षा #आर्टिफिशियलइंटेलिजेंस #न्यूजरूमटेक्नोलॉजी #स्टूडेंटइवेंट