सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : संसद में “ऑपरेशन सिंदूर” पर चल रही बहस के दौरान कांग्रेस पार्टी आंतरिक मतभेदों से घिरती नजर आ रही है। जहां वरिष्ठ नेता शशि थरूर की रहस्यमयी चुप्पी सवाल खड़े कर रही है, वहीं सांसद मनीष तिवारी की सोशल मीडिया पोस्ट ने पार्टी नेतृत्व को असहज कर दिया है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री और आनंदपुर साहिब से सांसद मनीष तिवारी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक न्यूज रिपोर्ट का स्क्रीनशॉट साझा किया, जिसमें यह बताया गया था कि वे और शशि थरूर इस महत्वपूर्ण बहस में क्यों हिस्सा नहीं ले रहे। इसके साथ ही उन्होंने फिल्म पूरब और पश्चिम का प्रसिद्ध गाना “भारत की बात सुनाता हूं…” भी शेयर किया, जिसे कांग्रेस नेतृत्व पर तंज के तौर पर देखा जा रहा है।
तिवारी की इस पोस्ट से भाजपा को कांग्रेस पर निशाना साधने का नया मौका मिल गया है। सत्तापक्ष इसे विपक्ष की असहमति और आंतरिक विभाजन के प्रमाण के रूप में प्रस्तुत कर रहा है। भाजपा नेताओं का कहना है कि जो पार्टी खुद के भीतर एकजुट नहीं है, वह देशहित की बात कैसे कर सकती है।
कांग्रेस पहले ही ऑपरेशन सिंदूर पर मोदी सरकार को घेरने की कोशिश में जुटी है, लेकिन अब पार्टी के भीतर की खामोशी और विरोधाभास इस प्रयास को कमजोर कर रहे हैं। इससे विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी के लिए यह बहस राजनीतिक रूप से दोहरी मुसीबत बन गई है।
#कांग्रेसविवाद #मनीषतिवारी #शशिथरूर #ऑपरेशन्सिंदूर #संसदबहस #राजनीतिकमतभेद #भीतरघात