सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क – आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल / रीवा : माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के रीवा परिसर में ‘हरियाली महोत्सव – एक पेड़ मां के नाम’ के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलगुरु प्रो. विजय मनोहर तिवारी ने की।

उपमुख्यमंत्री शुक्ल ने इस पहल को “भावनात्मक संकल्प” बताते हुए कहा कि वृक्षों को भारतीय परंपरा में देवतुल्य माना गया है, और हमें उनकी रक्षा उसी भावना से करनी चाहिए जैसे अपने बच्चों की करते हैं। उन्होंने रीवा में दो लाख पौधे लगाने के संकल्प को हरित भविष्य की नींव बताया।
कार्यक्रम में कलेक्टर प्रतिभा पाल, नगर निगम आयुक्त सौरभ सोनवाने, सैनिक स्कूल प्राचार्य कर्नल अविनाश रावल सहित अनेक प्रशासनिक, सामाजिक व साहित्यिक क्षेत्रों के प्रतिष्ठित जन उपस्थित रहे। कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी ने कहा कि रीवा परिसर केवल शिक्षा का नहीं, बल्कि प्रकृति और संस्कृति के संरक्षण का केंद्र भी है। कार्यक्रम संयोजक वरिष्ठ पत्रकार जयराम शुक्ल ने इसे भावी पीढ़ियों के लिए जीवनदायिनी पहल बताया। आभार प्रदर्शन उप कुलसचिव विवेक शाक्य ने किया और कहा कि यह आयोजन एक पर्यावरणीय चेतना और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रतीक बन गया है। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विद्यार्थी, शिक्षक और स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही, जिससे यह आयोजन एक जनांदोलन का रूप लेता दिखा।
#हरियाली_महोत्सव #वृक्षारोपण #माखनलाल_विश्वविद्यालय #रीवा #पर्यावरण_संरक्षण #एक_पेड़_मां_के_नाम